आज मनाएँ होली, अपने लकी रंग के साथ

जानें होली पर रंग कैसे बदल सकते हैं किस्मत! पढ़ें होली पर रंगों का ज्योतिषीय महत्व और उसका आपके जीवन पर होने वाला चमत्कारिक प्रभाव!


होली रंगों का त्यौहार है और रंगों के बिना जीवन अधूरा है। होली के रंग इसलिए भी खास हैं क्योंकि खुशी के ये रंग आपसी प्रेम, भाईचारा और लगाव को बढ़ाते हैं। ये होली के रंगों का ही कमाल है कि इस दिन सारे गिले-शिकवे भूलकर दुश्मन भी दोस्त बन जाते हैं। रंगों का हमारे जीवन में बड़ा महत्व रहा है। हर रंग की चमक हमें आकर्षित करती है। हिन्दू धर्म में रंगों को ज्योतिष से भी जोड़ा गया है। प्रत्येक ग्रह का एक विशेष रंग माना गया है और उसका प्रभाव हमारे जीवन पर पड़ता है। आपने अक्सर सुना होगा कि शनिवार को नीला, मंगलवार को लाल, गुरुवार को पीले रंग के कपड़े पहनना चाहिए, इससे आपको लाभ होगा। ठीक इसी तरह होली पर भी राशि के अनुसार रंगों का ज्योतिषीय महत्व बताया गया है।

आईये अब जानते हैं राशि के अनुसार किस रंग से खेलें होली, जिससे जीवन में आए खुशियों की बहार। इस होली पर किस रंग के वस्त्र पहनें और समृद्धि के लिए करें कौन से उपाय?

जानें होली का इतिहास और उससे जुड़ी रोचक पौराणिक कथाएँ: होली 2018

मेष और वृश्चिक राशि के शुभ रंग


इन दोनों राशि के स्वामी मंगल देव हैं। मंगल युद्ध के देवता हैं और इनका रंग लाल है। इसलिए मेष और वृश्चिक राशि के लोगों का लाल रंग से होली खेलना अत्यंत शुभ होगा। लाल रंग के प्रभाव से मान-सम्मान, भूमि लाभ होगा। वहीं कर्ज से छुटकारा व मंगल ग्रह से संबंधित दोषों में राहत मिलेगी।

उपाय: हनुमान जी को सिंदूर लगाने के बाद होली खेलें

वृषभ और तुला राशि के शुभ रंग


शुक्र वृषभ और तुला राशि का स्वामी है, इसलिए इन दोनों राशि के जातकों पर शुक्र का प्रभाव होता है। शुक्र का रंग सफेद और चमकीला है, अतः बेहतर होगा कि इन राशि के जातक पीले एवं आसमानी रंग से होली खेलें। ऐसा करने से उक्त राशि के जातकों को भौतिक सुख और मान-सम्मान की प्राप्ति होगी।

उपाय: सफेद रंग के वस्त्र पहनकर होली खेलें

राशि के अनुसार जानें व्यक्ति का स्वभाव और उसकी विशेषता: आपकी राशि

मिथुन और कन्या राशि के शुभ रंग


मिथुन और कन्या राशि के स्वामी ग्रह बुध हैं। वैदिक ज्योतिष में बुध को बुद्धि, तार्किक शक्ति, वाणी और व्यापार का कारक माना गया है। बुध ग्रह हरे रंग का प्रतिनिधित्व करता है। इसलिए इन दोनों राशि के जातकों को हरे रंग से होली का उत्सव मनाना चाहिए। इससे उनकी वाणी, बुद्धि, व्यापार और नौकरी में उन्नति होगी।

उपाय: होली के दिन सुबह के समय गाय को हरा चारा खिलाएँ

कर्क राशि का शुभ रंग


12 राशियों में से चंद्रमा को केवल कर्क राशि का स्वामित्व प्राप्त है। चंद्रमा को मन और मॉं का कारक माना गया है। चंद्रमा का रंग सफेद है और यह शीतलता को दर्शाता है। इस राशि के लोगों को पीले, केसरिया और हरे रंग से होली खेलना चाहिए। ऐसा करने से जीवन में सुख-समृद्धि आएगी। निर्णय लेने की क्षमता में सुधार होगा और मॉं का अपार स्नेह मिलेगा।

उपाय: सफेद आक के फूलों से भगवान शिव के पूजन के बाद होली खेलें


सिंह राशि का शुभ रंग


सूर्य देव को भी चंद्रमा की तरह केवल एक राशि का स्वामित्व प्राप्त है। सूर्य जो कि नवग्रहों के राजा हैं, वे सिंह राशि के स्वामी हैं। लाल, पीला, महरुन और उससे संबंधित रंग सूर्य से संबंध रखते हैं। इसलिए सिंह राशि के जातकों को इन रंगों से होली खेलनी चाहिए। इसके प्रभाव से सरकारी नौकरी की प्राप्ति, सरकारी सेवा में उच्च पद की प्राप्ति और मान-सम्मान में बढ़ोत्तरी होती है।

उपाय: होली के दिन सूर्योदय के समय सूर्य देव को लाल गुलाब मिश्रित जल चढ़ाएँ

धनु और मीन राशि के शुभ रंग


देव गुरु बृहस्पति धनु और मीन राशि के स्वामी हैं। वैदिक ज्योतिष में गुरु को धर्म, दर्शन, धन और संतान का कारक माना जाता है। बृहस्पति देव पीले रंग का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए होली पर पीले रंग का इस्तेमाल इन राशियों के लिए लाभकारी होगा। इसके प्रभाव से धन, संतान और धर्म आदि से संबंधित मामलों में सुख मिलेगा।

उपाय: होली पर सुबह हल्दी की गांठों से भगवान विष्णु का पूजन करें और गरीबों को भोजन कराएं

अपनी राशि के अनुसार जानें अपना लकी स्टोन: रत्न परामर्श

मकर और कुंभ राशि के शुभ रंग


मकर और कुंभ राशि का स्वामित्व शनि देव को प्राप्त है। शनि देव को दण्डाधिकारी और कलियुग का न्यायधीश कहा जाता है। शनि देव का रंग नीला है, इसलिए इन दोनों राशि के लोगों के लिए होली पर नीले, काले और भूरे रंग का उपयोग करना लाभकारी होगा। इसके प्रभाव से शनि जनित कष्टों में राहत मिलेगी।

उपाय: होली के दिन गरीबों की मदद करें और काले कुत्ते को रोटी खिलाएँ।

एस्ट्रोसेज की ओर से सभी पाठकों को होली की शुभकामनाएँ। हम आशा करते हैं कि यह होली आपके जीवन में खुशियों की नई बहार लेकर आए!

Related Articles:

No comments:

Post a Comment