शनि: वक्री से मार्गी

पंडित हनुमान मिश्रा
शनि ग्रह और विभिन्न राशियां
ज्योतिष के अनुसार कुंडली में शनि की स्थिति सर्वाधिक महत्व रखती है। जब शनि वक्री से मार्गी या मार्गी से वक्री होता है तो हर किसी पर इसका गहरा असर होता है। 8 जुलाई 2013 को शनि ग्रह तुला राशि में वक्री से मार्गी होने जा रहा है। वक्री यानि विपरित दिशा में चलना और मार्गी का मतलब है सही दिशा में चलना। यह ग्रह लगभग  ढाई वर्ष में अपनी राशि बदलता है।

शनि के वक्री से मार्गी होने के कारण कई क्षेत्रों में रुकी हुई वर्षा पूरे शुरु होगी। देश के दक्षिण-पश्चिम इलाकों में जोरदार वर्षा होने के संकेत मिल रहे हैं। साथ ही कुछ जगहों पर कुछ कुछ प्राकृतिक आपदाएं भी आ सकती हैं। पूर्वोत्तर राज्यों में जोरदार वर्षा के संकेत हैं। मंहगाई पूर्ववत ज्यादा ही रहेगी तथा बीजों के दामों में वृद्धि के योग बनेंगे। फसलों पर टिड्डियों के आक्रमण होने की संभावनाएं बन रही है। राजसत्ता में परिवर्तन भी हो सकता है। कुछ नेताओं का वर्तमान पद जा सकता है या बदल जा सकता है। जनता के मध्य धार्मिक भावनाएं अधिक रहेगी या धार्मिक आयोजनों की अधिकता रहेगी।

शनि के मार्गी होने से विभिन्न राशियों पर असर:-


मेष: मेष राशि वालों के लिए शनि का मार्गी होना फायदेमंद होगा। न केवल इनकी मुश्किलें दूर होंगी बल्कि बेरोजगारों को रोजगार भी मिलेगा। हनुमान चालीसा का पाठ करना और अधिक लाभदायी रहेगा।

वृषभ: वृषभ राशि वालों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। पारिवारिक विवाद एवं धन की कमी व निवास स्थान में परिवर्तन सम्भव है। उपाय के रूप में शनिवार के दिन पीपल के वृक्ष में जल चढ़ाना चाहिए। साथ ही पीपल की सात परिक्रमा भी करना चाहिए।

मिथुन: मिथुन राशि के लोगों को किसी बड़े फायदे के मिलने की संभावनाएं बनेगी। कार्यों की तारीफ होगी एवं अधिकारियों से सहयोग भी मिलेगा। किसी गरीब व्यक्ति को काला कंबल दान करना और अधिक लाभदायी रहेगा।

कर्क: कर्क राशि के लोगों के लिए मनपंसद स्थान पर स्थानांतरण की संभावनाएं हैं। लेकिन इनके कार्य की गति कम हो सकती है। उपाय के रूप में काली उड़द की दाल का दान किसी गरीब व्यक्ति या किसी मंदिर में करना चाहिए।

सिंह: सिंह राशि वालों को व्यापार-व्यवसाय में लाभ व प्रसिद्धि प्राप्त होगी। संतान से सुख मिलेगा। साथ की कोई बडा अनुबंध भी हो सकता है। उपाय के रूप में शनिवार को एक कटोरी में अपना चेहरा देखें। इसके बाद तेल का दान करें।

कन्या: कन्या राशि के लिए अभी सुख में कमी रह सकती है। इसलिए निवेशादि से बचना बेहतर होगा। वाहनादि चलाते समय भी सावधानी अपेक्षित है। हर मंगलवार और शनिवार के दिन हनुमानजी के चरणों पर लगे सिंदूर से अपने माथे पर तिलक लगाना शुभदायी रहेगा।

तुला: तुला राशि के लोगों को अपने ही लोगों का विरोध झेलना पड़ सकता है। यदि अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर कोई कार्य करना चाह रहें है तो यह उचित नहीं होगा। उपाय के लिए हर शनिवार को शनिदेव के दर्शन करें और नीले पुष्प चढ़ाएं।

वृश्चिक: वृश्चिक राशि वालों के दैनिक कार्यों में भी बाधाएं रह सकती हैं। साथियों एवं परिवार से विरोध भी हो सकता है। उपाय के लिए प्रतिदिन शिवलिंग पर जल चढ़ाएं और वृद्धजनों का सम्मान करें।

धनु: धनु राशि के लोगों को हर काम बडी सावधानी से करना होगा अन्यथा नुकसान हो सकता है। वरिष्ठों व भाइयों  से सामंजस्य बनाकर चलना फायदेमंद रहेगा। किसी निवेश एवं कर्ज देने से बचें। उपाय के रूप में प्रति शनिवार को नीले रंग के पुष्प शनिदेव को चढ़ाएं।

मकर: मकर राशि के लोगों का मन काम धंधे को लेकर उदास रह सकता है। उन्हें अनजान लोगों से सावधान रहना होगा। उपाय के रूप में हनुमानजी को सिंदूर और चमेली का तेल अर्पित करें।

कुंभ: कुंभ राशि वालों के लिए समय अच्छा है। नई योजनाएं सफल होंगी। किसी विशेष कार्य के हो जाने से हर्ष होगा। स्थानांतरण व तरक्की भी सम्भव है। उपाय के लिए गाय, विशेष कर काली गाय को शनिवार के दिन घास खिलाएं।

मीन: मीन राशि वालों को शनि के मार्गी होने से कार्यों में निराशा मिल सकती हैं कुत्सित विचार उत्पन्न होंगे लेकिन संतान को सफलता मिलेगी। उपाय के रूप में शनि के निमित्त काली उड़द दाल का दान करना शुभकर रहेगा।

Related Articles:

No comments:

Post a Comment