शनि देव आज वक्री से होंगे मार्गी, पढ़ें राशिफल

शनि की कृपा से अब बनने लगेंगे बिगड़े काम! पढ़ें शनि के धनु राशि में मार्गी होने का ज्योतिषीय प्रभाव और जानें इसका आपके जीवन पर क्या प्रभाव होगा?


वैदिक ज्योतिष में शनि को क्रूर ग्रह की संज्ञा दी गई है। वहीं शनि देव को कर्मफल दाता भी कहा गया है। वे प्रत्येक मनुष्य को उसके कर्म के अनुसार फल देकर प्रकृति में संतुलन बनाये रखने का काम करते हैं। हालांकि यह भी सत्य है कि जब शनि की वक्र दृष्टि यानि अशुभ प्रभाव किसी व्यक्ति पर पड़ता है तो उसे जीवन में कठिनाई और संघर्षों का सामना करना पड़ता है। पौराणिक कथाओं में शनि के प्रकोप की ऐसी कई कहानियां हैं जिनमें राजा हरिश्चंद्र, राजा नल और रानी दमयंती को कष्ट भोगने पड़े थे। वहीं जब शनि देव किसी पर प्रसन्न होते हैं तो वे रंक को राजा समान सुख प्रदान करते हैं। चूंकि शनि मुनष्य के कर्मों के अनुसार उन्हें दंडित करते हैं इसलिए शनि देव को प्रसन्न करने का एक मात्र उपाय है शुभ कर्म, इसलिए दीन, दुःखियों की सेवा करें और झूठ व छल करने से बचें।

वैदिक ज्योतिष में शनि का गोचर एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। ऐसा इसलिए क्योंकि शनि देव एक राशि में लगभग ढाई वर्ष तक स्थित रहते हैं। फिलहाल शनि धनु राशि में गोचर कर रहे हैं। इस वर्ष 18 अप्रैल से शनि धनु राशि में वक्री गति कर रहे थे, आज यानि 6 सितंबर को शाम 5:02 बजे शनि पुनः धनु राशि में मार्गी हो जाएंगे। 

शनि के वक्री होने से सभी राशि के जातकों को दुःख और परेशानियां उठानी पड़ रही थी लेकिन अब चूंकि शनि मार्गी होने वाले तो इन परेशानियों का अंत होने वाला है। शनि देव कर्म और सेवा के कारक हैं यानि इसका सीधा-सीधा असर व्यक्ति की नौकरी और व्यवसाय पर होता है। अतः अब नौकरी और व्यवसाय में आ रहे कष्ट समाप्त होंगे। आइये जानते हैं सभी 12 राशियों पर शनि के मार्गी होने का ज्योतिषीय प्रभाव।


यह राशिफल चंद्र राशि पर आधारित है। चंद्र राशि कैल्कुलेटर से जानें अपनी चंद्र राशि

मेष


शनि के मार्गी होने से मेष राशि के जातकों को जबरदस्त लाभ मिलने के योग बन रहे हैं। शनि देव की कृपा से आपकी आमदनी में बढ़ोत्तरी होगी व निश्चित आय के अतिरिक्त कमाई के और साधन मिलेंगे। नौकरी पेशा जातकों को प्रमोशन और वेतन वृद्धि की सौगात मिल सकती है। वहीं विरोधी पक्ष से मिलने वाली पीड़ा का अंत होगा। 

उपाय: शनिवार के दिन अपने घर में श्री शिव रुद्राभिषेक करवाएं। 

वृषभ


शनि का मार्गी होना वृष राशि वालों के लिए भाग्य वृद्धि का कारक बनेगा। जीवन में चली आ रही तमाम समस्याओं और रुकावटों का अंत होगा। शनि की कृपा से नौकरी और व्यवसाय में सफलता मिलने के योग बनेंगे। इस दौरान नई नौकरी और बिजनेस में अचानक बड़ा लाभ मिल सकता है। वहीं शिक्षा और प्रेम संबंधी मामलों में लाभ प्राप्ति के योग बनेंगे।

उपाय: नियमित रूप से महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें। 

मिथुन


मिथुन राशि वालों के लिए शनि का मार्गी होना मिला-जुला फल देगा। शनि के प्रभाव से पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ में अच्छे परिणाम मिलेंगे। जहां दफ्तर और कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान बढ़ेगा। वहीं जीवनसाथी के साथ चले आ रहे वैचारिक टकराव का अंत होगा और मतभेद दूर होंगे। इस दौरान शनि की कृपा से शुभ समाचारों की प्राप्ति होगी। हालांकि खर्च अधिक होने से कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

उपाय: महाराज दशरथ कृत नील शनिस्तोत्र का पाठ अवश्य करें। 


कर्क


शनि के मार्गी होने से कर्क राशि के जातकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अगर कोई कानूनी विवाद चल रहा है तो वह खत्म हो जाएगा। आप विरोधियों पर भारी पड़ेंगे और जीत आपकी ही होगी। छात्रों की पढ़ाई में आ रही दिक्कतें दूर होंगी। वहीं अगर घर में बच्चों का स्वास्थ्य ठीक नहीं है तो उनकी सेहत में सुधार देखने को मिलेगा। हालांकि इस दौरान किसी पुराने रोग से आपको पीड़ा हो सकती है। जीवनसाथी से विवाद खत्म होंगे। 

उपाय: शनिवार के दिन एक लोहे के कटोरे में सरसो भरकर अपना चेहरा उसमें देखकर छाया दान करें।

सिंह


शनि के मार्गी होने से सिंह राशि के जातकों को विशेष लाभ और शुभ फल की प्राप्ति होगी। अच्छी बात है कि आपकी आमदनी बढ़ेगी और कार्यस्थल पर आपको नई पहचान व शोहरत मिलेगी। हालांकि खर्च अधिक होने से बजट थोड़ा बिगड़ सकता है इसलिए खर्चों पर नियंत्रण रखने की कोशिश करें। संतान पक्ष की ओर से भी शुभ समाचार मिलेंगे। वहीं अगर आप किसी पुराने रोग से पीड़ित हैं तो अब इससे राहत मिलने की उम्मीद है। नौकरी में परिवर्तन के योग भी बन रहे हैं। 

उपाय: शनिवार के दिन काले तिलों अथवा साबुत उड़द का दान करें। 

कन्या


शनि का मार्गी होना कन्या राशि वाले जातकों के लिए लाभकारी रहने वाला है। शनि देव की कृपा से जमीन-जायदाद और वाहन जैसे भौतिक सुखों के साधन मिलने के योग बनेंगे। कोर्ट केस में लाभ मिलेगा और करियर के क्षेत्र में मिश्रित परिणाम देखने को मिलेंगे। अगर घर में माता जी की सेहत खराब चल रही है तो उसमें सुधार होगा। हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए आपको कड़ी मेहनत करनी होगी। 

उपाय: शनिदेव के बीज मंत्र “ॐ प्रां प्रीं प्रौं सः शनैश्चराय नमः” का नियमित जाप करें।



तुला


शनि देव मार्गी होकर तुला राशि के जातकों को अपार खुशियां देंगे। शनि की कृपा से मानसिक तनाव खत्म होगा और आप राहत महसूस करेंगे। साहस में वृद्धि होगी व फैसले लेने की क्षमता बढ़ेगी। तनाव कम होने की वजह से आप अहम विषयों पर आसानी से निर्णय लेंगे। लंबी दूरी की यात्रा या उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने के योग बनेंगे। आय बढ़ने से खुशी होगी और खर्चों पर भी लगाम लगेगी। छोटे भाई-बहनों से संबंधित परेशानी का अंत होगा।

उपाय: आपको नियमित रूप से शमी वृक्ष को जल देकर उसकी पूजा करनी चहिए। 

वृश्चिक


वृश्चिक राशि के जातकों को शनि की कृपा से नौकरी में तरक्की मिलेगी और व्यवसाय में लाभ की प्राप्ति होगी। यदि किसी नौकरी या रोजगार की तलाश में हैं तो इसमें आपको सफलता मिलने के पूरे योग हैं। पूर्व में किये गये प्रयास और कठिन परिश्रम का फल मिलने का समय आ गया है। मानसिक तनाव कम होने से आप हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर पाने में सक्षम होंगे।

उपाय: किसी ग़रीब अथवा असहाय की यथासंभव सहायता करें। 

धनु


चूंकि शनि धनु राशि में ही गोचर कर रहे हैं और अब वक्री से मार्गी हो गए हैं। शनि की ये स्थिति धनु राशि के जातकों के लिए लाभकारी रहने वाली है। शनि देव की कृपा से तमाम मुश्किलों से मुक्ति मिलेगी और मानसिक अशांति खत्म होगी। पारिवारिक जीवन में खुशी के पल आएंगे, जीवनसाथी के साथ रिश्ते सुधरेंगे। कुटुंब और आपके भाई-बहनों के लिए यह समय विशेष रूप से लाभकारी रहेगा। शनि के प्रभाव से आप कार्यक्षेत्र में अधिक व्यस्त रहेंगे इसलिए बेहतर होगा कि अपने काम में किसी तरह की जल्दबाजी और लापरवाही न करें।

उपाय: चींटियों के स्थान पर चीनी और गेहूँ का आटा डालें। 

मकर


शनि के मार्गी होने के साथ ही मकर राशि के जातकों के जीवन में आ रही परेशानियां खत्म होंगी। शनि देव की कृपा से कार्यक्षेत्र में उन्नति और धन लाभ होगा। नौकरी और बिजनेस के अलावा भी आय के नये साधन मिलेंगे और इससे आमदनी में वृद्धि होगी। हालांकि इस दौरान सुख-सुविधाओं पर खर्च बढ़ेगा। विरोधी और शत्रु पक्ष के लोग आपके आगे टिक नहीं पाएंगे। लंबे समय से रूके हुए काम बनने से प्रसन्नता होगी। विदेश यात्रा के योग भी बन रहे हैं। सोसाइटी में नई पहचान मिलने के साथ-साथ प्रसिद्धि प्राप्त होगी।

उपाय: महाराज दशरथ कृत नील शनिस्तोत्र का पाठ अवश्य करें। 

कुंभ


शनि मार्गी होकर कुंभ राशि के जातकों को उत्तम फल प्रदान करेगा। शनि देव की कृपा से आय के साधनों में वृद्धि होगी। यदि नई नौकरी की तलाश में हैं तो यह इच्छा पूरी होगी। कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान की प्राप्ति होगी। कुल मिलाकर शनि देव की दया से कुंभ राशि वाले जातकों के हर सपने पूरे होंगे। 

उपाय: शनिवार के दिन, शनि के नक्षत्रों और शनि की होरा में उत्तम गुणवत्ता का नीलम रत्न धारण करें। 

मीन


शनि देव की कृपा से आमदनी में वृद्धि होगी और कार्यक्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। नौकरी पेशा जातकों को प्रमोशन की सौगात मिल सकती है। कुछ भाग्यशाली लोगों को विदेश यात्रा करने का अवसर भी मिल सकता है। हालांकि इन सबके बीच मां के स्वास्थ्य में कुछ गिरावट देखने को मिलेगी इसलिए उनका विशेष ध्यान रखें। छात्रों को परीक्षा में अच्छे परिणामों की प्राप्ति होगी। खुद को व्यस्त रखें और कोशिश करें कि बेवजह किसी से विवाद न करें। 

उपाय: अपने अधीनस्थों से अच्छा व्यवहार करें और किसी धार्मिक स्थल के मुख्य द्वार पर सफ़ाई का कार्य करें।
रत्न, यंत्र समेत समस्त ज्योतिष समाधान के लिए विजिट करें: एस्ट्रोसेज ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर

Related Articles:

No comments:

Post a Comment