जाने आपके लिए कैसा रहेगा शुक्र का तुला में गोचर

पंडित हनुमान मिश्रा
सौन्दर्य और एशो आराम के दाता ग्रह शुक्र ने 17 नवम्बर को अपनी नीच राशि का त्याग किया है। वह 11 दिसम्बर 2012 तक इसी राशि में रहेगा। शुक्र के नीच राशि से हटने से उन लोगों को खास फायदा होने वाला है जिनके दाम्पत्य जीवन में परेशानियां चल रही हैं। महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों में कमी आएगी। फ़िल्म उद्योग और कास्मेटिक्स उत्पादकों को भी फायदा होने वाला है। इसका विभिन्न राशियों पर क्या असर होगा इसकी चर्चा हम आप से कर लेते हैं-

मेष राशि:

इस अवधि में आपका व्यवहार सरस रहेगा और आपसी मनमुटाव दूर होंगे। कोई आनन्द दायक यात्रा हो सकती है। स्त्री वर्ग की संगति से लाभ मिलेगा। संगीत व अन्य ललित कलाओं सुगंध एवम् सौन्दर्य की वस्तुओं की ओर आपका झुकाव रहेगा। अपने व्यवसाय और व्यापार में आप बहुत अच्छा करेंगे। आमदनी में बढोत्तरी होगी। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। आपका मिलनसार स्वभाव आपको बहुत सारे लोगों से जोडने में मददगार सिद्द होगा। लेकिन छोटी मोटी बीमारियां रह सकती हैं।


वृषभ राशि:

इस अवधि में आपको वासनात्मक विचारों से बचना चाहिए साथ ही अपने स्वास्थ्य का खयाल भी रखना चाहिए। यद्यपि काम का बोझ थकाने वाला रह सकता है लेकिन नौकरी के हालात अच्छे रहेंगे। विरोधी प्रबल हो सकते हैं अत: अपने बचाव को लेकर चिंतन करते रहें। खर्चों पर नियंत्रण रखते हुए स्त्री वर्ग से संबंध बिगडने न दें।

मिथुन राशि:

आपकी राशि पर यह परिवर्तन शुभ प्रभाव डालेगा। इस अवधि में आप स्त्रीवर्ग की ओर आकर्षित रहेंगे। आपकी सामाजिक प्रतिष्ठा और खुशहाली बढे़गी। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। बहु प्रतीक्षित अभिलाषाओं की सम्पूर्ति होगी। यदि आप में सृजनात्मक क्षमता है तो इस अवधि के दौरान आपकी कला संगीत इत्यादि में आपकी गति सफलदायक रहेगी। सामाजिक क्षेत्र बढे़गा और पुराने मित्रों सहयोगियों से मुलाकात होगी। संचार के माध्यम से भी आपको कोई अच्छी खबर मिल सकती है। यानी कि इस अवधि में आपके कार्य सफलता प्राप्त करते रहेंगे।

कर्क राशि:

इस अवधि में आपके पद प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी और आमदनी भी बढे़गी। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। कोई फायदे का सौदा हाथ लग सकता है। परिवार में कोई आयोजन हो सकता है। यात्राओं से भी लाभ मिलेगा। विरोधी नुकसान नहीं पहुंचा पायेंगे। परिवार में सदस्यों की संख्या में बढोत्तरी की संभावना है। प्रयत्नों में सफलता मिलेगी। यानी कि यह समय हर लिहाज से अच्छा है।

सिंह राशि:

इस अवधि के दौरान आप अत्यधिक उत्साही और स्फूर्तिवान बनें रहेंगे। छोटी यात्राओं एवं पारिवारिक जीवन में सब सुखद होगा। लोगों से आपके सम्पर्क बढेंगे। नौकरी के हालात में भी इजाफा होगा। सौभाग्यशाली समय होने के कारण मनचाहा काम होता रहेगा।

कन्या राशि:

इस अवधि में आप परिवारजनों के साथ आप अच्छा निबाह कर सकेंगे। आप परिस्थितियों का बड़ी चतुरता से सामना करेंगे। आय में वृद्धि होगी। किसी संक्षिप्त मार्ग से भी आपके पास पैसा आ सकता है। परिवार में किसी शुभ कृत्य का आयोजन होगा। स्त्री वर्ग का साथ आपको रूचिकर लगेगा। महंगे और स्वादिष्ट भोजन के लिये आपका स्वाद जागृत होगा। घरेलू चीजों के लिये भी आप खर्च कर सकते हैं।

तुला राशि:

इस अवधि में आप सुखी व सानन्द रहेंगे। आपके चारों ओर का वातावरण सुखद होगा। स्त्री वर्ग की ओर आपका झुकाव रहेगा। वैवाहिक या प्रणय सुख के लिए भी समय अनुकूल रहेगा। अगर थोड़ी मेहनत करें तो अपनी आय को आप काफी बढ़ा सकते हैं। ललितकला, संगीत व साहित्य में आपकी रूचि रहेगी। लेकिन छोटी मोटी बीमारियों से आपको कुछ परेशानी रह सकती है। यदि वृश्चिक राशि की बात की जाय तो इस अवधि में आप सुविधा और विलास के साधनों पर खर्च करेंगे। उच्च कोटि का वैवाहिक या प्रणय सुख भोगेंगे। लेकिन अच्छा होगा कि आप अपनी भोग वृती पर अंकुश लगायें अन्यथा इस वजह से कुछ परेशानियां भी हो सकती हैं। विरोधीयों और प्रतिद्वन्दीयों से सावधान रहने की जरूरत है आर्थिक रूप से समय सामान्य रहेगा।


धनु राशि:

इस अवधि में आपको हर प्रयास में सफलता मिलेगी। मित्र और सहयोगी आपको पूरा सहयोग देंगे। बहु प्रतीक्षित अभिलाषाओं और इच्छाओं की सम्पूर्ति होगी। भाई बहिन भी अपने अपने क्षेत्र में अच्छा करेंगे। यात्राओं से लाभ होगा। उच्च कोटि का पारिवारिक सुख मिलेगा। परिवार में सदस्यों की बढो़त्तरी होने की संभावना है। जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में मिलने वाले मित्रों और सहयोगियों से सम्बंध अच्छे रहेंगे। यद्यपि खर्चे अधिक होंगे लेकिन आमदनी भी होती रहेगी।


मकर राशि:

अपने कार्य क्षेत्र में आप महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करेंगे। प्रतिष्ठा और सम्मान में प्रचुर वृद्धि होगी। इस अवधि में विपरीत परिस्थितियों से भी आप कुशलता से निपट सकेंगे। व्यापारी सहयोगियों या व्यवसायकि लोगों व ग्राहकों के साथ आपके संबंध सुधरेंगे। समय के साथ साथ आप संग्रहशील होते जायेंगे और विलास सामग्री पर भी व्यय करेंगे। परिवार जनों का बर्ताव बहुत अच्छा रहेगा। व्यापारिक यात्राओं की संभावना है।


कुम्भ राशि:

इस अवधि में उच्च पदस्थ लोगों से आप सम्मान और उनकी कृपा प्राप्त करेंगे। माता पिता और गुरूजनों से संबंध मधुर रहेंगे। इस अवधि के दौरान आप सुदूर प्रदेशों की यात्रा भी कर सकते हैं। पारिवारिक जीवन आपके लिये सुखद एवम् अनुकूल रहेगा। आप के थोड़े प्रयत्न करने पर भी आपकी आमदनी बढ जायेगी। इस अवधि के दौरान विपरीत परिस्थितियों से सही तौर पर निपटने की आपकी क्षमता का विकास होगा। अगर आपकी पदोन्नति होने ही वाली है तो यह आपकी इच्छा के अनुरूप हो सकती है। आपका दिमाग धार्मिक क्रियाकलापों एवम् जीवन संबंधी उच्च दर्शन की ओर भी आकृष्ट हो सकता है।

मीन राशि:

इस अवधि में आपको  कुछ सावधान रहने की जरूरत है। कोई ऐसा काम न करें जिससे आपकी प्रतिष्ठा पर आंच आए। वासनात्मक विचारों को अपने पर हावी न होनें दें और अपने स्वास्थ्य का खयाल रखें। व्यर्थ की यात्राओं से बचने का प्रयास करें। हांलाकि आर्थिक रूप से समय को अनुकूल कहा जाएगा। अचानक धन प्राप्ति की संभावना बन रही है। फिर भी खर्चे पर नियंत्रण रखना होगा। परिजनों का सहयोग मिलता रहेगा।

Related Articles:

No comments:

Post a Comment