शुक्र का मिथुन राशि में गोचर (जुलाई 13, 2014) - आपके जीवन पर होने वाले प्रभाव

शुक्र जुलाई 13 2014, को मिथुन राशि में प्रवेश कर रहा है। क्या आप जानते हैं शुक्र का यह गोचर आपके जीवन में कोई न कोई बदलाव लाने वाला होगा? आइये जाने शुक्र के मिथुन राशि में गोचर के आप के जीवन पर होने वाले प्रभाव ‘प. हनुमान मिश्रा’ द्वारा।

शुक्र का मिथुन राशि में गोचर और उसके प्रभाव।

13 जुलाई 2014 को 21:12 पर शुक्र वृषभ राशि से मिथुन राशि में जा रहा है। शुक्र ग्रह का यह गोचरीय परिवर्तन उन भारतीय प्रदेशों को विशेष राहत देने वाला रहेगा जो गर्मी से परेशान है, क्योंकि शुक्र के मिथुन राशि में जाने से तेज़ हवाओं के साथ बारिश होने की उम्मीद है। हालांकि यह वर्षा निरंतर तो नहीं रह पाएगी लेकिन गर्मी से राहत दिला कर जाएगी। खाद्यान्नों के दाम बढ़ने की भी उम्मीद है। 


शुक्र के इस गोचर का विभिन्न राशियों पर क्या असर होगा आइए जानते हैं-

मेष:

शुक्र के इस गोचर से आपके पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि तो होगी, लेकिन यदि आप विवाहित हैं तो किसी और से बात करने का इल्ज़ाम लगाकर जीवनसाथी की नाराज़गी रह सकती है। व्यवसाय में लाभ मिलेगा। निवेश आदि के माध्यम से भी लाभ मिलेगा। फ़िर भी जल्दबाज़ी से काम न लेकर संयम से काम लेना ठीक रहेगा, साथ ही कामों को सावधानी से निबटाना होगा।

वृषभ:

व्यापार व्यवसाय में अच्छे लाभ मिलने के योग मज़बूत होंगे लेकिन खर्चें थोड़ा बढ़ सकते हैं। हो सकता है कि ये खर्चे आप स्वयं पर ही करें। यह गोचर अच्छा ही नहीं बहुत अच्छा परिणाम दे सकता है, यदि आप सौंदर्य प्रसाधनों और दिखावा पसंद चीज़ों पर होने वाले खर्चों पर नियंत्रण पाने की कोशिश करें।

मिथुन: 

शुक्र के इस गोचर के कारण यात्राओं के योग बन सकते हैं। सम्भवत:, ये दूर की यात्राएँ हो सकती हैं। अचानक पैसा मिल सकता है। यदि आपका व्यवसाय पैतृक है, तो उसमें लाभ मिलने के योग हैं। व्यवसाय के संबंध में बाहरी क्षेत्रों से भी लाभ मिलेगा। नौकरी के लिए यह एक अच्छा समय साबित हो सकता है।

कर्क:

शुक्र के इस गोचर के कारण खर्च की अधिकता रह सकती है। इस समय व्यापार में जोखिम भरें निर्णय न लें, अन्यथा नुकसान हो हो सकता है। ज़्यादा मेहनत करेंगे और फल कम मिलेगा। हालांकि दूर की यात्राओं के लिए यह समय अच्छा रहेगा। यदि आप विदेश जाने के लिए प्रयासरत हैं तो यह गोचर लाभकारी हो सकता है।

सिंह:

काम धंधे से लाभ मिलने के योग हैं। पिछले दिनों की गई मेहनत का लाभ अब मिल सकता है। यात्राओं से सोचे हुए कार्यों में लाभ मिलेगा। आर्थिक मामलों के लिए भी समय अनुकूल रहेगा। साझेदारी से भी धन लाभ हो सकता है। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। प्रॉपर्टी संबंधित कार्य हों या वाहन खरीदना हो इन सब मामलों में लाभ मिलेगा।

कन्या:

भाग्येश शुक्र आपके दशम भाव में रहेगा, अत: आपके रुके हुए कामों के पूरे होने के योग मज़बूत होंगे। यदि यात्राओं के माध्यम से कोई काम बनने की उम्मीद आपने लगा रखी है तो वह ज़रूर पूरी होगी। कोई बड़ा फ़ायदा दिलाने वाला काम भी हाथ लग सकता है। बॉस को अधिक मुँह लगाना ठीक नहीं रहेगा। ऋण से संबंधित कार्य पूरे होने के योग हैं।

तुला:

इस राशि वालों के लिए शुक्र का राशि बदलना शुभ फल देने वाला रहेगा। पिछले दिनों यदि आप किसी स्वास्थ्य समस्या से ग्रस्त रहे हैं तो अब स्वास्थ्य में सुधार ज़रूर होगा। इस राशि वाले विद्यार्थियों के लिए शुक्र अच्छा फल देने वाला रहेगा। प्रेम विवाह करने के इच्छुक इस राशि के लोगों के लिए भी समय अनुकूल रहेगा।

वृश्चिक:

इस राशि वालों के लिए समय कम अनुकूल है। हालांकि खर्चे कम रहेंगे लेकिन अचानक से आए किसी खर्चे से आप परेशान हो सकते हैं। किसी को पैसा उधार देने से बचें। भूमि, प्रॉपर्टी के कार्यों में निवेश करने से बचें। योजनाएँ गुप्त रखें नहीं तो सोचे हुए कार्यों के पूरे परिणाम नहीं मिलेंगे। भोग विलास को लेकर संयम ज़रूरी होगा।

धनु:

आपको मेहनत के अनुरूप फल मिलेंगे लेकिन बेवजह किसी से पंगेबाज़ी करना ठीक नहीं रहेगा। मित्रों से सहयोग और प्रसन्नता मिलेगी, साथ ही मित्रों की सहायता से आपके कार्य पूरे होंगे। निजी जीवन के लिए समय शुभ फलदायी रहेगा। जीवनसाथी/प्रियतम/प्रियतमा के साथ सुखद समय बीतेगा। सोचे हुए नए कार्य होंगे और उनका पूरा परिणाम भी मिलेगा।

मकर:

शुक्र का गोचर यहाँ पर अच्छे परिणाम देने में समर्थ नहीं होता, अत: इस अवधि में निजी जीवन में सावधानी की ज़रूरत रहेगी। घरेलू जीवन पर भी ध्यान देने की आवश्यता बनी रहेगी। इस समय आवश्यकता से अधिक जोश दिखाने से बचना होगा। वाणी पर नियन्त्रण रखना भी लाभकारी होगा। शेयर मार्केट से जुड़े लोगों को बड़ी समझदारी से काम लेना होगा।

कुंभ:

पंचम भाव में शुक्र का गोचर आपके लिए अच्छे फल देने वाला रहेगा। प्रेम प्रसंग के चलते मन प्रसन्न रहेगा। संतान या शिक्षा को लेकर यदि कोई परेशानी है तो उसका समाधान मिलने की उम्मीद है। यदि नौकरी परिवर्तन करने जा रहे हैं तो नए कार्यक्षेत्र के बारे में भली-भांति जान लेना ज़रूरी होगा। आर्थिक मामलों में भी समृद्धि आने के योग हैं।

मीन:

आपके लिए समय अनुकूल है ज़मीन ज़ायदाद या वाहन की प्राप्ति के योग बन रहे हैं फिर भी सावधानी पूर्वक निवेश ज़रूरी है। वाहन चलाते समय सावधानी की आवश्यकता रहेगी। हालांकि इस समय कुछ खर्चे हो सकते हैं लेकिन ये खर्चे सार्थक रहेंगे। घरेलू जीवन का आनंद लेने और मनोरंजन करने के लिए भी शुक्र का यह गोचर शुभ है।

Related Articles:

No comments:

Post a Comment