तुला राशि में मार्गी हो रहे शनि के विभिन्न राशियों पर प्रभाव (जुलाई 21, 2014)

शनि जुलाई 21, 2014 को तुला राशि में मार्गी हो रहा है। ज्योतिष में शनि ग्रह की स्थिति बहुत महत्त्वपूर्ण है, तो शनि का मार्गी होना आपके जीवन में कुछ न कुछ बदलाव ज़रूर लाएगा। आइये शनि के मार्गी होने के प्रभावों के बारे में ज़्यादा जानते हैं ‘प. हनुमान मिश्रा’ द्वारा।

जानिए तुला राशि में मार्गी हो रहे शनि का प्रभाव।

ज्योतिष के अनुसार शनि ग्रह की स्थिति बहुत महत्त्वपूर्ण मानी गई है। यह ग्रह जब भी वक्री या मार्गी होता है तो इसका न केवल प्रकृति पर बल्कि हम सब पर भी गहरा प्रभाव पड़ता है। 21 जुलाई 2014 को शनि ग्रह तुला राशि में वक्री से मार्गी होने जा रहा है। फलस्वरूप कई क्षेत्रों में रुकी हुई वर्षा फिर से शुरु होगी। देश के दक्षिण-पश्चिम इलाकों में अच्छी वर्षा होने के योग बनेंगे। हालांकि कुछ इलाकों में प्राकृतिक आपदाएँ भी सम्भावित हैं। पूर्वोत्तर राज्यों में भी अच्छी वर्षा के संकेत हैं। महंगाई पर सरकार का अधिक कंट्रोल नहीं रह पाएगा। बीजों के दामों में भी वृद्धि के योग बनेंगे। फ़सलों पर टिड्डियों के आक्रमण होने की संभावनाएँ बन रही है। कुछ प्रदेशों में सत्ता परिवर्तन भी सम्भव है, कुछ नेताओं का वर्तमान पद जा सकता है या बदला जा सकता है। जनता के मध्य धार्मिक भावनाएँ अधिक रहेंगी, धार्मिक आयोजनों की अधिकता रहेगी साथ ही किसी धार्मिक मामले को लेकर जनाक्रोश भी सम्भव है।

Click here to read in English…

शनि के मार्गी होने से विभिन्न राशियों पर असर:-

मेष:

आपके लिए शनि का मार्गी होना फायदेमंद है। जीवन की मुश्किलें आसान होंगी। कार्यक्षेत्र व दैनिक रोजगार में बेहतरी आएगी। बेरोजगारों को रोज़गार मिलेगा।

उपाय: हनुमान चालीसा का पाठ करें।

वृषभ:

शनि के मार्गी होने से स्वास्थ्य कुछ ढीला हो सकता है। अत: संयमित दिनचर्या अपनाएँ। घर परिवार के माहौल को शांत रखें। कुछ ऐच्छिक परिवर्तन भी सम्भव हैं।

उपाय: शनिवार के दिन पीपल के वृक्ष में जल चढ़ाएँ व पीपल की सात परिक्रमा करें।

मिथुन:

शनि के मार्गी होने से आपको कुछ फ़ायदे अचानक से मिल सकते हैं अथवा पिछले दिनों जो फ़ायदे होते होते रुक गए थे वो भी मिल जाएंगे। साथ ही वरिष्ठों से प्रसंशा मिलेगी।

उपाय: किसी गरीब व्यक्ति को काला कंबल दान करें।

कर्क:

शनि के मार्गी होने से यदि आप कहीं स्थानांतरण की कोशिश में है तो मनपंसद स्थान पर स्थानांतरण की संभावनाएँ बनेंगी। लेकिन कामों के पूरे होने में कुछ विलम्ब सम्भावित है।

उपाय: किसी गरीब व्यक्ति को काली उड़द की दाल का दान करें।

सिंह:

व्यापार-व्यवसाय में लाभ की उम्मीदें बढ़ेंगी साथ ही प्रसिद्धि भी प्राप्त होगी। संतान की ओर से सहयोग व सुख मिलेगा। साथ ही कोई बडा अनुबंध जो किसी कारण से रुक गया था वो पूरा हो जाएगा।

उपाय: शनिवार को एक कटोरी में सरसों का तेल भरकर अपना चेहरा देखें व तेल का दान करें।

कन्या:

कन्या राशि के लिए पारिवारिक सुख में कुछ कमी रह सकती है। इस समय बड़े आर्थिक निवेशादि से बचना होगा। वाहनादि चलाते समय भी सावधानी ज़रूरी है।

उपाय: हर मंगलवार और शनिवार के दिन हनुमान जी के चरणों पर लगे सिंदूर से माथे पर तिलक लगाएँ।

तुला:

शनि के मार्गी होने से आपको अपने नज़दीकियों का विरोध करने से बचना होगा। साथ ही यह ख़याल भी रखना होगा कि कोई भी ऐसा काम न करें जो आपके अधिकार क्षेत्र से बाहर का हो।

उपाय: हर शनिवार को शनिदेव के दर्शन करें और नीले पुष्प चढ़ाएँ।

वृश्चिक:

वृश्चिक राशि वालों के दैनिक कार्यों में भी बाधाएँ रह सकती हैं। नींद में भी व्यवधान रह सकता है। साथियों एवं परिवार से विरोध भी हो सकता है। खर्चों पर भी नियंत्रण रखने की ज़रूरत रहेगी।

उपाय: उपाय के लिए प्रतिदिन शिवलिंग पर जल चढ़ाएँ और वृद्धजनों का सम्मान करें।

धनु:

वरिष्ठों व भाइयों से सामंजस्य बनाकर चलना फायदेमंद रहेगा। किसी निवेश एवं कर्ज़ के लेन देन से पहले भली भांति चिंतन मंथन ज़रूरी होगा। स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही उचित नहीं रहेगी।

उपाय: प्रति शनिवार को नीले रंग के पुष्प शनिदेव को चढ़ाएँ।

मकर:

आपका मन काम धंधे को लेकर उदास रह सकता है अथवा आप जल्दबाजी के कारण काम बिगाड़ सकते हैं। यदि आप संयमित होकर उचित काम करेंगे तो अनुकूल परिणाम मिल जाएंगे। अजनबियों से सावधान रहें।

उपाय: हनुमान जी को सिंदूर और चमेली का तेल अर्पित करें।

कुंभ:

नई योजनाएँ सफल होंगी। किसी विशेष कार्य के हो जाने से हर्ष होगा। स्थानांतरण व तरक्की भी सम्भव है। यदि मौका मिले तो धार्मिक कार्यों में सहभागिता करें व यथा सामर्थ्य गरीबों का सहयोग करें।

उपाय: उपाय के लिए गाय, विशेष कर काली गाय को शनिवार के दिन घास खिलाएँ।

मीन:

मीन राशि वालों को शनि के मार्गी होने से कई मामलों में सावधानियाँ रखनी होंगी। हर काम को संयम से करना होगा। वाहन आदि सावधानी से चलाना होगा। कठोर परिश्रम से काम बनेंगे।

उपाय: शनि देव के निमित्त काली उड़द दाल का दान करना शुभकर रहेगा।

पं. हनुमान मिश्रा

Related Articles:

No comments:

Post a Comment