दिसंबर 2014 का मासिक राशिफल

दिसंबर का माह आता है अपने साथ सर्दीली हवा का झोंका लेकर। कौन नहीं जानना चाहता कि सितारे क्या लाएंगे इस ठण्ड के साथ? क्या यह ठण्ड रहेगी बर्फ जैसी ठंडी या फिर अलाव की गर्मी देगी कुछ साथ? जानिए अपने सवालों के जवाब दिसंबर राशिफल 2014 के साथ। 

December 2014 ka Rashifal aa gaya hai; ab banaiye apne thand ke mahine ko aur bhi shaandaar.

यह राशिफल आपकी चन्द्र राशि पर आधारित है। अपनी चन्द्र राशि जानने के लिए यहाँ क्लिक करें: चन्द्र राशि कैलकुलेटर

दिसम्बर 2014 के राशिफल के माध्यम से आप जान पाएंगे कि दिसम्बर का महीना आपके लिए कैसा रहेगा। इस महीने आपको क्या करना है और क्या नहीं करना है ? कैसे कदम उठाए जाएं इस महीने में, जो ले जाएं आपको एक बेहतर मुकाम पर, क्या है मूल मंत्र दिसंबर में सफलता पाने का? जानेंगे ये सब कुछ आपके दिसंबर के राशिफल में। तो आइए बात करते हैं दिसम्बर 2014 के राशिफल की… 

FREE matrimony & marriage website


महत्वपूर्ण राशिफल:

मेष: दिसंबर राशिफल 2014


मेष राशि वालों, सामान्य तौर पर यह महीना आपके लिए अनुकूल है, आपका राशि स्वामी उच्चावस्था में है, कर्म भाव में है तो स्वाभाविक है कि आपके मज़े तो आने वाले हैं। भाई काम बनेंगे तो लाभ भी होगा और लाभ होगा तो खुशी मिलेगी। लेकिन महीने के पहले भाग की तुलना में दूसरा भाग अधिक अच्छा रहेगा, क्योंकि महीने के पहले भाग में सूर्य और शुक्र अष्टम में हैं जो निजी जीवन और मान-सम्मान को लेकर पूरा फल नहीं दे पा रहे हैं; वो महीने के दूसरे भाग में आपके भाग्य स्थान में होंगे तो स्वाभाविक है कि आनंद के अंकुर तो फूटेंगे ही। 

उपाय: सूर्य भगवान को जल चढ़ाएँ सब मंगल होगा।

वृषभ: दिसंबर राशिफल 2014


वृष राशि वालों, इस महीने बड़ी सावधानी से काम चलाएँ, क्योंकि इस समय जो कुछ आप कर रहे हैं उसका पूरा परिणाम आपको मिल नहीं रहा है। कोई बात नहीं धैर्य रखिए। औरों की गारंटी तो मैं नहीं ले सकता लेकिन ये ज़रूर कहूँगा कि आपका सप्तमेश मंगल उच्चावस्था में है; तो स्वाभाविक है कि विवाहित होने की स्थिति में आपके जीवन साथी का भाग्य ज़ोरों पर होगा और आपके काम बनते रहेंगे। खान-पान पर भी संयम रखें अन्यथा पाचक चूर्ण खाने की आवश्यकता पड़ सकती है। इसलिए अपना ख़्याल रखें क्योंकि अगले महीने सब ठीक होने वाला है। 

उपाय: परेशानी की स्थिति में सिंदूर मिले जल से सूर्य को अर्घ दें सब मंगल होगा।

मिथुन: दिसंबर राशिफल 2014


मिथुन राशि वालों, यह महीना आपके लिए काफ़ी मिला-जुला रहेगा। एक तरफ तो काम बनने की बढ़िया उम्मीदें हैं तो वहीं दूसरी ओर लाभ का प्रतिशत कमज़ोर रह सकता है। हालांकि लाभेश के अष्टम में उच्च अवस्था में होने के कारण ऐसे योग ज़रूर बने हुए हैं कि आपको कहीं से धन प्राप्ति हो सकती है। आपका आत्मविश्वास बेहतर रहेगा; अत: कोई कठिन परिस्थिति निर्मित नहीं हो पाएगी। पदोन्नति की सम्भावनाएँ भी बन रही हैं। लेकिन महीने के दूसरे भाग में कार्य-व्यापार के साथ-साथ अपने घर परिवार और स्वास्थ्य का ख़्याल रखें। 

उपाय: बजरंग बाण का पाठ करना शुभ रहेगा।

कर्क: दिसंबर राशिफल 2014


कर्क राशि वालों, आपके लिए लगभग यह पूरा महीना ही शुभ है। काम बनने के बहुत बढ़िया योग बने हुए हैं। इस अवधि में आप जीवन का बड़े उत्साह और उल्लास से स्वागत करेंगे। संतान या प्रेम संबंध को लेकर चली आ रही समस्या से मुक्ति मिलने के योग हैं। महीने के दूसरे भाग में और भी बेहतर फल मिलेंगे। न केवल काम धंधे में सुधार होगा बल्कि नौकरी के हालातों में सुधार और पदोन्नति के योग भी बने हुए हैं। इस समय आपके मान-सम्मान में भी बढ़ोत्तरी होने के योग हैं। 

उपाय: विष्णु भगवान के मंदिर में संतरे दान करना शुभ रहेगा।

सिंह: दिसंबर राशिफल 2014


सिंह राशि वालों, इस महीने आपको अधिक अनुकूल परिणाम पाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। इस महीने आपको अपने घर परिवार पर विशेष ध्यान देना है। ध्यान देना है की घर का माहौल बिगड़ने न पाए। ध्यान इस बात पर भी देना है कि आपको तनाव मुक्त रहना है। मन से मज़बूत रहना है क्योंकि मन के हारे हार है और मन के जीते जीत, तो यकीन माने कि यदि आपका मन मज़बूत रहेगा तो बड़ी कठिनाई भी आपको छोटी नज़र आएगी। संतान या फिर प्रेम पात्र के लिए कोई महंगा उपहार खरीदने की चिंता रह सकती है। 

उपाय: परेशानी होने की स्थिति में हनुमान जी को चोला चढ़ाएँ सब मंगल होगा।

कन्या: दिसंबर राशिफल 2014


कन्या राशि वालों, यह महीना मिला जुला रहने वाला है। महीने के पहले भाग में भाग-दौड़ कुछ ज्यादा रह सकती है हालांकि भाग दौड़ करके आप कई बेहतर परिणाम हासिल कर सकेंगे। आर्थिक मामलों के लिए भी समय अनुकूल रहेगा लेकिन फ़िज़ूल-ख़र्ची से बचना होगा। जबकि महीने का दूसरा भाग थोड़ा तनाव दे सकता है। तनाव दूर करने के लिए मनोरंजन का सहारा लेना ठीक रहेगा। इस समय आपकी एनर्जी कम होती नज़र आएगी। इस समय हर मसले में सही गलत का फ़ैसला बहुत सोच समझ कर करें। 

उपाय: कष्ट होने की स्थिति में कन्याओं को भोजन करवाएँ सब मंगल होगा।

तुला: दिसंबर राशिफल 2014


तुला राशि वालों, महीने की शुरुआत कुछ ख़र्चे लिए हुए नज़र आ रही है, इसलिए इस समय आप हर काम को बहुत ही सावधानी से निपटाने का प्रयास करें। इस समय आपका फ़ोन खराब हो सकता है इसलिए उसका रख-रखाव ठीक ढंग से करें। फ़ोन का रख-रखाव इसलिए भी ठीक ढंग से करें क्योंकि उसके खोने या चोरी होने का भय रहेगा। कुछ पारिवारिक परेशानियाँ भी रह सकती हैं। लेकिन महीने का दूसरा पक्ष आपकी समस्याओं को दूर करेगा। किसी यात्रा के माध्यम से भी लाभ मिलता नज़र आ रहा है। 

उपाय: हनुमान मंदिर में लाल फल या सब्जी दान करें सब मंगल होगा।

वृश्चिक: दिसंबर राशिफल 2014


वृश्चिक राशि वालों, सामान्य तौर पर इस महीने आपको अनुकूल फल मिलते रहेंगे। इस समय आप आत्मविश्वास से ओत-प्रोत रहेंगे। मित्र और भाई मददगार होंगे लेकिन इस समय आपको क्रोध पर नियंत्रण करना होगा, अन्यथा आपके कुछ अपने नाराज़ हो सकते हैं और ऐसा होने की स्थिति में आपका आत्मबल कमज़ोर हो सकता है, तो ऐसा करने से बचें। महीने के दूसरे भाग में भी पारिवारिक मामलों में सावधानी से काम लें। आर्थिक मामलों में भी सावधानी से काम लेने की ज़रूरत रहेगी। इस समय स्वास्थ्य का भी ख़्याल रखें। 

उपाय: शिवलिंग पर शहद चढ़ाना शुभ रहेगा।

धनु: दिसंबर राशिफल 2014


धनु राशि वालों, महीने की शुरुआत अधिक अनुकूल नहीं है, इस समय ख़र्चों की अधिकता रह सकती है लेकिन जो लोग विदेश जाने की कोशिश में हैं उनकी मेहनत रंग ला सकती है। अन्य मामलों में की गईं यात्राएँ ठीक नहीं रहेंगी। इस समय कोई भी काम उन्मादी होकर न करें। जहाँ तक संभव हो यात्राओं और ट्रैफ़िक से बचें। कार्य-व्यापार में संयमित व्यवहार करें। व्यर्थ के ख़र्चों से बचें। महीने के दूसरे भाग में आपकी समस्याएँ काफ़ी हद तक कम होंगी। लेकिन सावधानी का दामन इस समय भी थाम के रखना ही ठीक रहेगा। 

उपाय: नित्य 11 बार गायत्री मंत्र का जप करें, सब मंगल होगा।

मकर: दिसंबर राशिफल 2014


मकर राशि वालों, घर गृहस्थी के कामों को अंजाम देने के लिए यह समय काफ़ी अनुकूल है लेकिन कामों के कारण स्वयं को क्रोधी बनाने से बचें। विशेष कर यह क्रोध घर वालों पर न दिखाएँ। बाकी आपकी एनर्जी बहुत अच्छी रहेगी, आपके काम बनेंगे लेकिन यदि विवाहित हैं तो जीवन-साथी से विवाद करने से बचें। इस समय आप अपने प्रियजन के साथ अच्छी फ़िल्म देखें। इस समय फायदेमंद अनुबंध हो सकते हैं। लेकिन महीने का दूसरा भाग ख़र्चों से भरा रह सकता है। इस समय स्वास्थ्य का भी ख़्याल रखना ज़रूरी होगा। 

उपाय: गाय को हरा चारा खिलाएँ सब मंगल होगा।

कुम्भ: दिसंबर राशिफल 2014


कुम्भ राशि वालों, दिसंबर का महीना आपके लिए अनुकूल है। विशेषकर यदि आपके काम का सम्बन्ध विदेश या फिर जन्म स्थान से दूर है तो आपको बड़ा लाभ मिलने वाला है। महीने के पहले भाग में आप काम धंधे में अच्छा करेंगे। व्यापारिक यात्राओं के योग बन रहे हैं। इस समय आपको वरिष्ठों का सहयोग मिलेगा, वे आपसे खुश रहेंगे। अर्थव्यवस्था में भी सुधार आएगा। वहीं महीने के दूसरे भाग में भी लाभ की स्थितियाँ मज़बूत होंगी। जीवन साथी या प्रेम पात्र के साथ आनंददायी समय बीतेगा। 

उपाय: किसी गरीब को काले उड़द की दाल का दान करें सब मंगल होगा।

मीन: दिसंबर राशिफल 2014


मीन राशि वालों, इस महीने आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार होने के अच्छे योग हैं। लाभ का प्रतिशत बढ़ेगा और आप संचय करने में भी सफल रहेंगे। इस समय आप दूर की यात्राएँ कर सकते हैं और उनसे भी लाभ पा सकते हैं। इस समय आप बड़े पदों में बैठे लोगों से मिल सकते हैं और उनसे लाभ लेने के अवसर खोज सकते हैं। शिक्षा और संतान को लेकर यदि कोई चिंता है तो वह दूर हो जाएगी। लेकिन पिता के स्वास्थ्य का ख़्याल रखना ज़रूरी होगा। वहीं महीने का दूसरा भाग काम धंधे के लिए अच्छा है। अर्थ व्यवस्था मज़बूत होगी। 

उपाय: पिता या पिता तुल्य व्यक्ति की सेवा करें सब मंगल होगा।

तो आशा है इस राशिफल के माध्यम से आप अपने अच्छे और बुरे समय को जानकर उस समय में उचित व्यवहार कर अपने दिसम्बर माह को शुभ बनाएँगे। नमस्कार!



आज का पर्व!

महानन्दा नवमी का पर्व आज के दिन को शुभता प्रदान कर रहा है। मार्गशीर्ष माह की यह नवमी ख़ास होती है। महानंदा नवमी और भी कुछ महीनों में मनाई जाती है, जैसे माघ और भाद्रपद। आज के दिन लोग गंगा नदी में स्नान करते हैं। 

आपका दिन मंगलमय हो!

Related Articles:

No comments:

Post a Comment