साप्ताहिक प्रेम सम्बन्ध राशिफल (२१-०७-२०१४ से २७-०७-२०१४) - आइये खोलते हैं प्यार के इस रहस्यमयी पिटारे को

क्या आपके सपने एक प्यार भरी वास्तविकता में बदल पाएंगे? अगर आप ये जानना चाहते हैं तो आप बिल्कुल सही जगह पर आए हैं। यहाँ हमारी ज्योतिषी ‘रेखा कल्पदेव’ आपको आपके प्यार के बारे में सब कुछ बताएंगी। अपने प्यार के बारे में ज़्यादा जानने के लिए आगे पढ़ें।

साप्ताहिक प्रेम राशिफल के द्वारा आप अपने प्रेम जीवन के बारे में जान पाएंगे।

Click here to read in English...

प्रेम संबंध जीवन में उत्साह और जोश बढ़ाते है। प्रेम के मार्ग पर एक साथ कदम बढ़ा रहे प्रेमियों में स्नेह, सुरक्षा, और भावनाओं की क़द्र का भाव एक-दूसरे को समझने में महत्वपूर्ण कार्य करता है। इतिहास गवाह है कि आज तक प्रेम के लिए कई ऐतिहासिक इमारतों का निर्माण हुआ, कवितायेँ, कसीदे पढे गये। एक उदास चेहरे पर प्रेम खुशबू बनकर जब बिखरता है तो चेहरा गुलाब की तरह मुस्कुरा देता है। जो लोग प्रेम में होते है, वो सभी एक ख़ास जिंदगी जी रहे होते है। प्रेम संबंधों की दुनिया पल-पल बदलती है। कभी रुढ़ना, कभी मनाना। अपने लिए कुछ करने के विचार से पहले अगर किसी खास के लिए कुछ करने का मन करने लगे तो समझ जाइये की आपको भी प्यार हो गया है। आपके जीवन का यही सबसे ख़ास पहलु आने वाले सप्ताह में कितने रंगों से सजने - संवरने वाला है। आइये आपको बताते हैं।


FREE matrimony & marriage website

यह राशिफल आपकी जन्मराशि के अनुसार लिखा गया है।

मेष
आपके प्रेम संबंधों के लिए यह सप्ताह मिला-जुला रहने वाला है। सप्ताह की शुरुआत में पारिवारिक विषयों में सक्रियता अधिक होने से प्रेम रिश्तों में रुझान कम रहेगा। सप्ताह मध्य में तीसरे भाव में चन्द्र-शुक्र का साथ विपरीत लिंग की ओर आकर्षण बढ़ाएगा। मित्रों के साथ हंसी-मज़ाक का माहौल आकर्षण को बढ़ाने में विशेष भूमिका निभा सकता है। सप्ताह के आखिरी में एक बार फिर आप पारिवारिक उलझनों को सुलझाने में व्यस्त हो जाएंगे। कुल मिलाकर कहा जाये तो पारिवारिक जिम्मदारियाँ और उलझनों के चलते आप प्रेम रिश्तों को पर्याप्त समय नहीं दे पाएंगे। परन्तु सप्ताह की ख़ास बात यह रहेगी कि किसी विपरीत लिंग मित्र से दोस्ती का आगाज़ खुशियों को बढ़ा सकता है।

वृष
हफ़्ते के आरम्भ में चन्द्र जन्मराशि पर स्थित होकर आपके प्यार-मोहब्बत के मार्ग में आने वाले काँटों को हटाने का कार्य करेंगे। प्यार की अभिव्यक्ति और कोमल भावनाओं को अपने साथी तक पहुँचाने के लिए सप्ताह के शुरू के दिनों का उपयोग किया जा सकता है। सप्ताह के मध्य भाग में शुभता कम बनी हुई है। इसलिए इस अवधि में अन्य कार्यों को समय देना बेहतर फल देगा। सप्ताह के आखिरी भाग में प्रेमी साथी के साथ घूमने जाया जा सकता है। जाते हुए अपने साथ एक खूबसूरत तोहफ़ा ले जाना न भूले। आमोद-प्रमोद के शुभ योग बने हुए है। प्रेम-प्रसंग व्ययों को बढ़ा रहे है। विवाहितों के लिए समय अनुकूल नहीं बना हुआ है।

मिथुन
प्रेमियों के लिए इस सप्ताह की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रहेगी। स्वास्थ्य कारणों से मन बुझा-बुझा रह सकता है। मध्य भाग में भाग्य प्रेम संबंधों को प्रगाढ़ करने में सहयोग कर सकता है। गोचर मंगल-शनि आपके प्रेम भाव पर विराजमान है। दोनों की स्थिति रिश्तों में जोश और उत्साह तो बढ़ा रही है, परन्तु साथ ही साथ यह योग स्थिति को जल्द तनावग्रस्त भी कर सकता है। सहजता, शांति और धैर्य से इस अशुभ प्रभाव को दूर किया जा सकता है। गृहस्थ जीवन में रोमांस सुखद बना हुआ है। सप्ताहांत में इच्छाओं को अधिक न बढ़ाये। आपसी बातचीत में अहंकार को कोई स्थान न दें।

कर्क
प्रेम-संबंधों के लिए स्थिति सुखद बनी हुई है। प्रेम करने वालों के लिए हफ्ते के पहले और आखिरी दो दिन विशेष शुभ रहेंगे। लम्बे समय तक रिश्तों में ठहराव की स्थिति बनी हुई है। व काम इच्छाओं का स्तर भी उच्च बना हुआ है। संयम बनाये रखे। यह समय भोग-विलास के अवसर बना रहा है। मध्य के दिनों में ग्रहों की शुभता आपको प्राप्त नहीं हो रही है। तथा प्यार -मोहब्बत के रिश्तों में मित्रों का सहयोग संदिग्ध बना हुआ है। प्रेमी की इच्छाएँ आपके व्ययों को बढ़ा सकती है। वैवाहिक जीवन में ग्रहों का आशीर्वाद मध्यम मिल रहा है। इस हफ्ते रिश्तों को निभाने में आप संजीदगी से प्रयास करते नज़र आयेँगे।

सिंह
प्यार संबंधों में मज़बूती का समय है। आपस में प्रेम-प्यार की बातों से माहौल खुशनुमा बना हुआ है। आपसी विचारों से एक-दूसरे को अवगत कराने की स्थिति बनी हुई है। हास-परिहास, विनोद भाव आपको अपने प्रेमी के निकट आने का मौका देगा व प्रेम आनंद के क्षणों से स्थिति सुखद बनी हुई है। इस सप्ताह प्यार आपकी नीदें उड़ा सकता है। कोई मनचाही मुराद भी इस समय में पूरी हो सकती है। सप्ताह का आखिरी भाग सुखद पलों में पीड़ादायक क्षणों में बदल सकता है। स्थिति भावनात्मक बनी हुई है। सोच को सकारात्मक बनाये रखे, और चिंतामुक्त रहने का प्रयास करें। दाम्पत्य जीवन के लिए समय शुभ बना हुआ है। इस हफ्ते जीवन साथी आपको कही घुमाने लेके जा सकता है।

कन्या
सप्ताह की शुरुआत में प्रेम प्रसंगों के लिए ग्रह योगों का साथ आपको नहीं मिल पायेगा। अन्य विषयों की उलझनों से स्वयं को घिरा पाएंगे, ऐसे में चाहकर भी प्रेम विषयों के लिए कुछ नहीं कर पाएंगे। सप्ताह के दो दिन बीतने के बाद समय का पहिया घूमेगा और आप देखेंगे की प्यार-मोहब्बत के रिश्तों में फिर से सुधार होने लगा है। सप्ताह के शेष दिनों में प्यार अपनी सीढियाँ चढ़ने लगेगा। आनंद और सुख आपके जीवन में उमंग लेकर आयेगा। अपने प्यार को विवाह बंधन में बदलने के प्रयास सफल रहेंगे। इस सप्ताह विशेष में आपके जीवन में अप्रत्याशित घटनाएँ सामान्य से अधिक हो सकती है। इसलिए आशा के विपरीत परिणामों की प्राप्ति के लिए स्वयं को तैयार रखे।

तुला
प्रेम प्रसंगों में इस सप्ताह अनबन और विचारों के टकराव की स्थिति बनी हुई है। आपसी रिश्तों में दोनों ओर से अत्यधिक खिंचाव से एक-दूसरे की भावनाएं भी आहत हो सकती है। सावधानी बनाये रखे। छोटे मतभेदों को लम्बा खींचने से आपसी दूरियाँ बढ़ सकती हैं। कुछ इसी प्रकार की स्थिति वैवाहिक जीवन के लिए भी बनी हुई है। सप्ताह का अंतिम भाग दूरियों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आप यह सोचकर स्वयं को संतुष्ट कर सकते हैं कि अंतत: सब ठीक हो रहा है। स्थिति को बेहतर बनाने में दोनों ही ओर से बराबर प्रयास करने होंगे। आपसी संचार में किसी प्रकार की कमी न करें।

वृश्चिक
प्यार-मोहब्बत के रिश्तों के लिए हफ्ते की शुरुआत बेहतर फल देने वाली रहेगी। पहले दो दिन इस विषय के लिए सुखद और आनन्दायक रहेंगे। बाद में सारा हफ़्ता मानसिक कष्टों से भरा हो सकता है। अन्यत्र कुछ गुप्त प्रेम सम्बन्ध रखने से रिश्तों की मिठास में कमी के योग बन रहे हैं। इसके अलावा प्रेम संबंधों में निष्ठा की कमी भी प्रेम संबंधों की स्थिति को कष्टकारी बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। सच्चाई और समर्पण भाव से रिश्तों को निभाते हुए अशुभ समय को टाला जा सकता है। साथ ही अपने प्रेमी के प्रति अपने दायित्वों का निर्वाह कुशलता से करना भी इस अवधि की शुभता को बढ़ाएगा। प्रेम प्रसंग के लिए समय विपरीत बना हुआ है। सकारात्मक प्रयास लाभकारी रहेंगे।

धनु
आपके प्यार के दुश्मन शांत रहेंगे। प्रेम-प्रसंगों के लिए समय उत्तम बना हुआ है। सप्ताह के आखिरी भाग को छोड़ कर, शेष दिनों के लिए समय सुखद और रोमांस से भरपूर रहेगा। अभी तक प्यार से दूरी बना रहे व्यक्तियों को जीवन में पहले प्यार की आहट सुनाई देनी आरम्भ हो सकती है। अकेले जीवन व्यतीत कर रहे लोगों को भी कुछ इसी तरह के अनुभव हो सकते हैं। जीवन में आने वाली इस नई ख़ुशी का दिल खोलकर स्वागत करें। दाम्पत्य जीवन में भौतिक सुख - सुविधाओं के साथ भोग -विलास के योग भी बन रहे हैं। ११ वें भाव में मंगल-शनि का एक साथ होना नए रिश्तों के लिए अनुकूल है परन्तु पहले से चले आ रहे रिश्तों में आंशिक दिक्कते दे सकता है।

मकर
प्यार में छोटे छोटे विवाद उपज रहे है। शुरुआत में ही इन्हे समाप्त कर देना रिश्तों की आयु को बढ़ाने में सहयोग करेगा। सप्ताह की शुरुआत में आपके मन में प्रेम प्रसंगों में अस्थिरता की स्थिति बनेगी। परन्तु व्यर्थ के विचारों को मन से निकाल फैंकने पर, प्यार का सही मार्ग आपको नज़र आने लगेगा। सप्ताह मध्य और सप्ताहांत में प्रेम प्रसंगों को लेकर किसी भी प्रकार का कोई नकारात्मक विचार शेष हो तो उसे भी जल्द दूर कर दे। सप्ताह मध्य से रिश्तों में अपनापन महसूस करने लगेंगे तथा सप्ताह जाते-जाते प्यार अपनी यादगार यादें छोड़ कर जाएगा। कई शुभ ग्रहों की शुभता प्राप्त होने से समय सुखद बना हुआ है। आजीविका क्षेत्र का तनाव अपने प्रेम संबंधों में न आने दे।

कुम्भ
सप्ताह की शुरुआत में चन्द्र आपके सुख भाव को प्रभावित कर सुखों में अस्थिरता बना रहे है। इस समय में आत्मिक रिश्तों में आंशिक संप्रेक्षण की कमी गलतफहमियाँ उत्पन्न कर सकती है। बातचीत दूरियों में कमी कर आपको प्रेमी के नज़दीक लाने का उत्तम साधन साबित होगी। सप्ताह मध्य में प्रेम विषयों में बेचैनी की स्थिति बनी हुई है। इस समय में शुभता की कमी के फलस्वरूप अत्यधिक तत्परता से बचे। संक्षेप में कहे तो इस सप्ताह आपके संबंधों में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। घटनाओं में परिवर्तन, आपके स्वभाव को भी प्रभावित करेगा। तथा वैवाहिक जीवन व्यतीत कर रहे व्यक्तियों के लिए समय बहुत मुश्किल बना हुआ है।

मीन
प्रेम विषयों में इस सप्ताह ग्रह योग अनुकूल नहीं बन रहे हैं। शुरुआत के दो दिन मनोरंजन, रोमांस और आमोद प्रमोद के पक्ष से शुभ फलदायक बने हुए है। परन्तु अन्य दिनों में आपकी भावनाओं को ठेस पहुँचेगी। दिल टूटने की स्थिति भी बन सकती है। यह आपके मानसिक दुखों को बढ़ा सकती है। इसका असर जीवन के अन्य विषयों पर भी पड़ सकता है। इस समय में शुभता का साथ नहीं मिल रहा है इसलिए समझाने-बुझाने या अपना पक्ष रखने से बात ओर बिगड़ सकती है। कुछ दिनों के लिए शांत रहना और तटस्थता बनाये रखना रिश्तों को दीर्घकालीन स्वरूप प्रदान करेगा। गृहस्थ जीवन में विचारों का मतभेद जीवन साथी से सौहार्द में कमी करायेगा।

रेखा कल्पदेव

Related Articles:

No comments:

Post a Comment