फ़रवरी 2014 राशिफल

हम हाज़िर हैं आपके फ़रवरी 2014 के मासिक राशिफल के साथ। जिसके माध्यम से आप जान पाएंगे कि फ़रवरी का महीना आपके लिए कैसा रहेगा। इसे जानकर आप अनुकूल समय का लाभ उठा पाएंगे और जो समय आपके लिए प्रतिकूल है उस समय सावधानी से काम लेकर परेशानियों से बच पाएंगे। तो आइए बात करते हैं इस माह के राशिफल की...

फ़रवरी 2014 का मासिक राशिफल


मेष:ये पूरा महीना ही आपके लिए अनुकूल रहेगा। आप अपने कार्य व्यापार में बहुत अच्छा करेंगे। आपको वरिष्ठ जनों का सहयोग मिलेगा। लेकिन शनि मंगल और राहु की सप्तम भाव में उपस्थिति को देखते हुए हर काम में सावधानी बरतने की सलाह मैं आपको देना चाहूंगा। निजी जीवन और साझेदारी के कामों में विशेष सावधानी से काम लेना होगा। हालाँकि आर्थिक मामलों में सुधार और कुछ व्यापारिक यात्राओं के योग बन रहे हैं। वहीं महीने के दूसरे भाग में लाभ की स्थितियाँ सुदृढ़ बनी रहेंगी। जीवन साथी या प्रेम पात्र के साथ आनंददायी समय बीतेगा। उपाय के रूप में किसी ग़रीब को काले उड़द की दाल का दान करें।

वृषभ:इस महीने की शुरुआत आपके लिए मिली जुली रहेगी। कुछ दूर की यात्राएँ हो सकती हैं। छठे भाव में तीन-तीन पाप ग्रहों की उपस्थिति यह दर्शा रही है कि आप कड़ी मेहनत से घबराएंगे नहीं। लिहाज़ा आपके काम बनेंगे। लग्नेश की आठवें भाव में स्थिति इस बात का संकेत कर रही हैं कि स्वास्थ्य का ख़याल रखना बहुत ज़रूरी होगा। महीने का दूसरा भाग कार्य व्यापार के लिए बहुत अच्छा रहेगा। आर्थिक समस्याओं से भी छुटकारा मिलेगा। हालाँकि धन स्थान के स्वामी बुध की कर्म भाव में उपस्थिति के कारण आप काम धंधे में कोई निवेश करने की सोच सकते हैं। उपाय के रूप में पिता या पिता तुल्य व्यक्ति की सेवा करें।

मिथुन:महीने के प्रथम पक्ष वाले दिन आपके लिए ज्यादा अनुकूलता लिए हुए नहीं हैं। इस समय बहुत सारी मेहनत बेकार जा सकती है। कम्प्यूटर सिस्टम या वाहन में भी कुछ ख़राबी आ सकती है। यदि कुछ नया करने जा रहे हैं तो बहुत विचार-विमर्श करके ही कोई निर्णय लें। संतान या शिक्षा को लेकर किसी भी तरह का रिस्क ठीक नहीं होगा। प्रेम प्रसंगों के लिर भी समय अधिक अनुकूल नहीं है। लेकिन महीने के दूसरे पक्ष में आपकी समस्याएं काफ़ी कम होंगी। कामों में सफ़लताएँ मिलेंगी। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। किसी अच्छी पुस्तक को पढ़ने का मौका मिलेगा। उपाय के रूप में सूर्य भगवान को जल देना शुभ रहेगा।

कर्क:इस पूरे महीने आपको सावधानी बरतने की आवश्यकता है। बहुत सूझ बूझ के साथ ही कोई व्यापारिक निर्णय लें। जीवन साथी या साझेदार को लेकर कुछ परेशानी रह सकती है। चतुर्थ भाव में शनि, मंगल और राहु की युति कुछ घरेलू परेशानियाँ दे सकती है जिससे आप कुछ हद तक व्यथित रह सकते हैं। यानी कि यह समय बहुत अनुकूल नहीं है, अत: उचित आचरण करते हुए अपना ख़याल रखें। इस समय कोल्ड्रिंक या जंक फ़ूड का सेवन करने से बचें। महीने का दूसरा भाग भी अनुकूल नहीं है। अत: इस समय भी संयम से काम लेने की आवश्यकता है। परेशानी की स्थिति में सिंदूर मिले जल से सूर्य को अर्घ दें।

सिंह
:महीने की शुरुआत आपके लिए बहुत अनुकूलता लिए हुए है। पुरानी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। आपका आत्मविश्वास देखने लायक रहेगा। विरोधियों को परास्त करने में आप सफ़ल रहेंगे। कामों में सफलता मिलेगी। नौकरी करने के हालातों में सुधार भी होगा। मान प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। लेकिन भाई बन्धुओं से या मित्रों से मनमुटाव या विवाद करने से आपको बचना होगा। महीने के दूसरे भाग में आपको कुछ सावधानी से काम लेने की ज़रूरत रहेगी। इतनी ख़रीददारी न कर डालें कि बैंक बैलेंस बिगड़ जाय। साथ ही कार्य-व्यापार के साथ-साथ अपने घर पारिवार और स्वास्थ्य का ख़याल भी रखना होगा। उपाय के रूप में बजरंग बाण का पाठ करना शुभ रहेगा।

कन्या:वैसे तो आपके लिए लगभग यह पूरा महीना ही शुभकर रहेगा। लेकिन वाणी तथा धन स्थान पर तीन-तीन पाप ग्रहों की उपस्थिति के कारण आपको अप्रिय सम्भाषण से बचना होगा साथ ही धन को फ़िजूल में ख़र्च करने से भी बचना होगा। हालाँकि अन्य ग्रहों की अनुकूलता के कारण आप जीवन का बड़े उत्साह और उल्लास से स्वागत करेंगे। आप अचानक किसी यात्रा पर भी जा सकते हैं। संतान या प्रेम संबंध को लेकर चली आ रही समस्या दूर हो सकती हैं। महीने का दूसरा भाग आपकी सारी समस्याओं का समाधान करने वाला रहेगा। काम धंधे या नौकरी में सुधार होगा। उपाय के रूप में विष्णु भगवाने के मंदिर में संतरे दान करना शुभ रहेगा।

तुला
:इस महीने आपको अधिक अनुकूल परिणाम पाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। साथ ही अपने आपको कन्ट्रोल में रखना पड़ेगा। शनि, मंगल और राहु की युति न केवल आपको गुस्सैल बना सकती है बल्कि आपके भीतर धैर्य की कमी भी दे सकती है। इस समय अपने स्वास्थ्य का ख़याल भी रखना ज़रूरी होगा। इस समय आप अपनी पुरानी गाड़ी बेचने के बारे में भी सोच सकते हैं। हालाँकि महीने के दूसरे भाग में स्थितियाँ कुछ बेहतर होंगी फ़िर भी सावधानी की आवश्यकता बनी रहेगी। संतान या प्रिय जन को लेकर चिंता रह सकती है। इस समय जल्दबाज़ी में निर्णय न लें और वाहन सावधानी से चलाएं। परेशानी होने की स्थिति में हनुमान जी को चोला चढ़ाएँ।

वृश्चिक:महीने के पहले भाग में आपको कई अनुकूल परिणाम मिलेंगे। लेकिन ख़र्चों पर इस समय अंकुश लगाने का पूरा प्रयास करना होगा। बिजली से चलने वाले उपकरण या मोबाइल आदि में ख़राबी आ सकती है। इस समय वाहन चलाने में सावधानी रखनी होगी। विशेषकर अपने पैरों का खास ख़याल रखना होगा। चोट लगने का भय रहेगा। कोई ऐसा काम न करें जिससे नींद में व्यवधान आए। इस समय कोई यात्रा भी सम्भव है। महीने का दूसरा भाग आपसे अधिक मेहनत करवा सकता है। इस समय आपकी एनर्जी कम होती नज़र आएगी। इस समय हर मसले में सही गलत का फ़ैसला बहुत सोच समझ कर करें। कष्ट या परेशानी होने की स्थिति में कन्याओं को भोजन करवाएं।

धनु:हालाँकि इस समय आप हर काम को बहुत ही सावधानी से निबटाने का प्रयास करेंगे फिर भी महीने की शुरुआत अपेक्षाकृत कम अनुकूल रहेगी। इस समय आपकी वाणी में कुछ कठोरता का भाव जाग सकता है। बेहतर होगा संयमित भाषा का सहारा लें। यद्यपि इस समय आमदनी बढ़ने की अच्छी उम्मीदें हैं लेकिन ख़र्चों पर नियंत्रण भी ज़रूरी होगा। कुछ पारिवारिक परेशानियां भी रह सकती हैं। लेकिन महीने का दूसरा पक्ष आपकी समस्याओं को दूर करने वाला रहेगा। किसी यात्रा के माध्यम से आप लाभ प्राप्त कर सकते हैं। आर्थिक मामलों में भी अनुकूलता आएगी। स्वास्थ्य भी अनुकूल रहेगा। परेशानी की स्थिति में हनुमान जी के मंदिर लाल रंग का फ़ल या सब्जी दान करें।

मकर:काम धंधे के लिए यह महीना काफ़ी अनुकूल लग रहा है। कर्म स्थान पर बैठे तीन-तीन ग्रह आपकी पहुंच को बड़ा बना सकते हैं। बड़े लोगों से संबंध बेहतर होने के कारण आप कुछ बड़ा करने की योजना बना सकते हैं। हालाँकि सूर्य के गोचर की वजह से कुछ कामों में कुछ बाधाएँ रह सकती हैं फ़िर भी इस समय आप आत्मविश्वास से ओत प्रोत रहेंगे। आपको सरकार या किसी संगठन के द्वारा सम्मानित किया जा सकता है। महीने के दूसरे भाग में भी घरेलू और आर्थिक मामलों के सावधानी से काम करने की जरूरत रहेगी। स्वास्थ्य संबंधित कुछ समस्याएं इस स्माय भी रह सकती हैं। उपाय के रूप में शिवलिंग पर शहद चढ़ाना शुभ रहेगा।

कुम्भ:महीने की शुरुआत में लगभग सभी कामों में सावधानी बरतने की सलाह मैं आप को देना चाहूंगा। इस समय कोई भी काम उन्मादी होकर न करें। यथा संभव यात्राओं और ट्रैफ़िक से बचें। किसी धर्म स्थान या धार्मिक व्यक्ति से उलझना ठीक नहीं रहेगा। बेवजह की यात्राओं से भी बचना होगा। कार्य व्यापार में संयमित व्यवहार करें। व्यर्थ के खर्चों से बचें। वहीं महीने के दूसरे भाग में आपकी समस्याएं काफ़ी हद तक कम होंगी। आपके मान सम्मान में वृद्धि होगी। किसी लाभदायक यात्रा पर जाना हो सकता है। लेकिन इस समय भी अपना तथा घर परिवार के स्वास्थ्य का ख़याल रखना ज़रूरी होगा। उपाय के रूप में नित्य 11 बार गायत्री मंत्र का जप करें।

मीन:यद्यपि अष्टम भाव में तीन-तीन पाप ग्रहों की उपस्थिति आपके लिए कठिनाइयों का कारण हो सकती है फ़िर भी महीने का पहला भाग आपके लिए काफ़ी अनुकूलता लिए हुए है। लाभ भाव में स्थिति सूर्य के कारण इस समय आप कुछ ऐसे अनुबंध कर सकते हैं जो आपके लिए बहुत फ़ायदेमंद साबित होंगे। प्रेम प्रसंगों के लिए भी समय बेहतर रहेगा। लेकिन किसी भी तरह का बखेड़ा या विवाद करना उचित नहीं रहेगा। यात्राओं के माध्यम से भी लाभ होगा। लेकिन महीने का दूसरा भाग ख़र्चों से भरा रह सकता है। इस समय आपको अपने स्वास्थ्य का भी ख़याल रखना ज़रूरी होगा। वाणी पर संयम रखना बहुत जरूरी होगा। उपाय के रूप में गाय को हरा चारा खिलाएं।
आशा है, इस राशिफल के माध्यम से आप अपने अच्छे और बुरे समय को जानकर उस समय उचित व्यवहार कर अपने फ़रवरी माह को शुभ बनाएंगें। नमस्कार!

पं. हनुमान मिश्रा

Related Articles:

No comments:

Post a Comment