सूर्य का कुम्भ राशि में गोचर


सूर्य 12 फरवरी 2014 को कुम्भ राशि में प्रवेश कर रहा है और 14 मार्च तक इसी राशि में रहेगा। ग्रहों के राजा ‘सूर्य’ के इस गोचर से हमारी राशियों पर क्या प्रभाव पड़ेगा, आइए जानते हैं इस लेख के माध्यम से।

सूर्य का कुम्भ राशि में गोचर

12 फरवरी को सूर्य कुम्भ राशि में गमन कर रहा है और 14 मार्च तक इसी राशि में रहेगा। कुम्भ राशि शनि की राशि है। सूर्य को ग्रहों के राजा की उपाधि दी गई है तो शनि को नौकर कहा गया है। यानी कि एक राजा, नौकर के घर जा रहा है। निश्चित तौर पर यह स्थिति राजनीतिक उथल पुथल का संकेत तो कर ही रही है साथ ही यह संक्रांति बुधवार के दिन हो रही है तो निश्चित तौर पर राजनेताओं की असंसदीय टिप्पणियों में बढ़ोत्तरी के योग बन रहे हैं। राजनीति में विस्फोटक स्थितियां देखने को मिल सकती हैं। साथ ही समाचार-मीडिया आदि के द्वारा या इन्हें लेकर कोई बखेड़ा भी खड़ा हो सकता है। मंहगाई, सत्तारूढ़ दलों में टकराव और अशांति के प्रबल योग हैं। रोगों के फैलने की भी सम्भावनाएं हैं। लेकिन सूर्य के इस गोचर का हमारी राशियों पर क्या असर होगा, आइए जानते हैं…..


मेष:सूर्य आपके लाभ भाव में है अत: आपकी इच्छाएँ व महत्वकांक्षाएँ पूरी होंगी। अनुबन्धों और समझौतों से भी आपको प्रचुर लाभ मिलेगा। वेतन में बढ़ोत्तरी भी सम्भव है। इस समय आप अपने प्रेमी या प्रेमिका के साथ आनंददायी समय बिताएंगे।


वृषभ: सूर्य का गोचर आपके दसम भाव में है अत: आप व्यापार या नौकरी में सफलता प्राप्त करेंगे। पदोन्नति के लिए भी समय अच्छा है। इस अवधि में और अपने वरिष्ठ अधिकारियों के कृपाभाजन रहेंगे। व्यापार के कारण सफलदायक यात्राएँ हो सकती हैं। आर्थिक समस्याओं से छुटकारा मिलेगा।


मिथुन:सूर्य आपके नवम भाव में है अत: इस अवधि में मिले जुले फल मिलेंगे। उच्च पद प्रतिष्ठा प्राप्त लोगों से भेंट होगी और उनकी कृपा रहेगी। आप धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर सकते हैं। लेकिन माता पिता के स्वास्थ्य का खयाल रखना जरूरी होगा। आर्थिक मामलों के लिए भी यह समय अच्छा है।


कर्क:सूर्य आपके अष्टम भाव में है, अत: कुछ समस्यायें अचानक खड़ी हो सकतीं हैं। इस समय अनैतिक कार्यों तथा सन्देहास्पद सौदों से बचें। इस अवधि में कई बार आपको ट्रैफ़िक का सामना तो करना ही पड़ेगा साथ ही वाहन को क्षतिग्रस्त होने से भी बचाना होगा।


सिंह:सूर्य आपके सप्तम भाव में है, अत: व्यवसायिक या व्यापार के साथी नुकसान या समस्यायें पैदा करने की कोशिश कर सकते हैं। घरेलू मामले विशेषकर जीवन साथी के साथ विवाद करने से बचें। आप मानसिक रूप से तनावग्रस्त या बीमार भी हो सकते हैं। अत: स्वास्थ्य का खयाल रखें।


कन्या:सूर्य का गोचर आपके छठे भाव में है अत: नौकरी करने के हालातों में सुधार भी होगा। समस्याएं दूर होंगी। प्रतिष्ठा एवम् पद में वृद्धि होगी। विवादों में विजय मिलेगी।


तुला:सूर्य का गोचर आपके पंचम भाव में है, कन्फ्यूजन और बहुत अधिक सोच विचार से बचें। अत: आपका उत्साह और उल्लास तो बढ़ेगा लेकिन प्रेम संबंधों के लिये यह समय कम ठीक है। अचानक यात्रा भी हो सकती है।


वृश्चिक:सूर्य का गोचर इस समय आपके चौथे भाव में है अत: काम का बोझ अधिक होने के कारण आप अपने आपको थका महसूस कर सकते हैं। माता पिता के स्वास्थ्य को लेकर आप चिंतित रह सकते हैं। कोई घरेलू मशीनरी खराब हो सकती है।


धनु:सूर्य का गोचर आपके तीसरे भाव में रहेगा अत: घरेलू जीवन में सुखद रहेगा। मित्रों और रिश्तेदारों से संबंध और अच्छे होंगे। इस समय आप कोई महँगा फोन खरीदने के बारे में सोच सकते हैं। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। छोटी यात्राएँ भाग्यशाली सिद्ध होंगी और सुखद रहेंगी।


मकर:सूर्य आपके दूसरे भाव में रहेगा अत: यह समय आर्थिक मामलों में सावधानी से काम लेने का है। पारिवारिक जीवन प्रभावित रह सकता है। आपके कम्प्यूटर-लैपटाप या मोबाइल में कुछ तकनीकी खराबी आ सकती है। आँखों और मुंह की कोई बीमारी आपको कष्ट दे सकती है।


कुम्भ: सूर्य आपके प्रथम भाव में रहेगा अत: आपमें क्रोध की अधिकता रह सकती है। आप आँखों के चिकित्सक के पास जा सकते हैं। छोटी यात्राएँ हो सकती हैं। सार्वजनिक क्षेत्र या सरकार के द्वारा आपको लाभ मिल सकता है।


मीन:सूर्य आपके द्वादस भाव में है अत: आप क्षणिक उन्माद में कोई काम न करें। मित्रों और रिश्तेदारों से संबंध मधुर रखें। इस समय यात्रा के दौरान आपको कई बार ट्रैफ़िक की परेशानियों से जूझना पड़ सकता है। खर्चे बढ़े रहेंगे। निवेश के मामले में सावधानी रखें।

पं. हनुमान मिश्रा

Related Articles:

No comments:

Post a Comment