फ़्रेण्डशिप डे - फ़्रेण्डशिप डे पर किसे बांधें बैंड?

इस लेख के द्वारा आप जान सकते हैं कि कैसा रहेगा फ़्रेण्डशिप डे आपके लिए। फ़्रेण्डशिप डे अगस्त ३, २०१४ को है, यह दिन नए दोस्त बनाने के लिए उत्तम है। इस लेख में , रेखा कल्पदेव आपको बताएंगी कि कैसे सच्चे मित्र की तलाश में आप ज्योतिष शास्त्र का सहयोग ले सकते हैं।
हम सभी की यह कामना होती है कि काश हमारा स्वार्थ भावना से परे एक ऐसा दोस्त हो, जो सुख और दुःख दोनों में हमारे साथ हो। ज़रुरत के समय जो हमें संभाल सके, हमारी सारी कमियों के साथ हमसे दोस्ती करे और जिस से हम अपनी मनचाही हर बात बाँट सकें। निराशा से आशा में लाने वाले, संघर्ष की घड़ियों को सहज बनाने वाले और मूड ख़राब हो तो अपनी बातों से हंसाने वाले, हमारे मित्र ही होते हैं। 

एक अच्छे मित्र की पहचान आपातकाल में ही होती है। सच्चा मित्र भाग्य से ही मिलता है। आपका एक सच्चा शुभचिंतक ही आपका सच्चा मित्र साबित हो सकता है। पौराणिक कथाओं में मित्रताओं की मिसाल ढूंढें तो कृष्ण और सुदामा, श्रीराम और सुग्रीव की दोस्ती याद आती है। समय के साथ आज मित्रता के मायने बदल गए हैं, पर आज भी कभी सच्ची घटनाओं में और कभी किस्से कहानियों में सच्ची दोस्ती के उदाहरण सामने आते रहते हैं। 


अगस्त 03, 2014, फ़्रेण्डशिप डे यानि मित्रता दिवस पर इस बार ऐसे मित्रों को फ़्रेण्डशिप बैंड बांधे जो जीवन भर आपका सच्चा मित्र बनकर रहे। अपने लिए सच्चे मित्र की तलाश में आप ज्योतिष शास्त्र का सहयोग ले सकते हैं। आइये आपको बताते हैं कि राशि और ग्रहों से किस प्रकार फ़्रेण्डशिप डे पर मदद ली जा सकती है। ज्योतिष में ग्रहों की नैसर्गिक मित्रता और तात्कालिक मित्रता के सम्बन्ध होते हैं। सरल शब्दों में कहे तो - नैसर्गिक मित्र सदैव आपका साथ देता है और तात्कालिक मित्र कुछ अवधि के लिए आपके जीवन में मित्र बनकर आते हैं और चले जाते हैं। आपकी जन्मराशि या लग्न राशि से सातवें भाव की राशि आपके सच्चे साथी की होती है। आईये जानें की आपकी जन्म राशि के लिए कौन सबसे अच्छा मित्र साबित हो सकता है। 

आगे बढ़ने से पूर्व जिन पाठकों को अपनी राशि की जानकारी नहीं है वे अपनी जन्म राशि अर्थात चन्द्र राशि यहाँ से जान सकते है। -- चन्द्र राशि कैलकुलेटर

मेष
आपके लिए तुला लग्न या तुला राशि के व्यक्तियों से मित्रता करना अच्छा रहेगा। आप लोगों में जोश, उत्साह और ऊर्जा शक्ति बहुत होती है। और तुला राशि के व्यक्ति संतुलित व्यक्तित्व के स्वामी होते हैं। दोनों की दोस्ती सच्चे मित्रों की दोस्ती बन सकती है। इसके अलावा आप सिंह राशि और धनु राशि के व्यक्तियों से भी दोस्ती कर सकते हैं। इन दोनों राशि के व्यक्ति भी आपके अच्छे मित्र बनने की योग्यता रखते हैं। साथ ही ध्यान रखें कि आप मिथुन, कन्या, वृश्चिक और मीन राशि के व्यक्तियों से मित्रता न करें। 

वृषभ 
फ़्रेण्डशिप डे पर इस बार आप वृश्चिक राशि के लोगों को फ़्रेण्डशिप बैंड बांध सकते हैं। वृश्चिक राशि के व्यक्ति आपके साथ अपनी दोस्ती को पूरा निभाएंगे। कन्या राशि और मकर राशि के व्यक्तियों से भी आपकी अच्छी मित्रता रहने के योग बन रहे हैं। दोस्ती में असफलता से बचने के लिए आपको कर्क, तुला, धनु और मेष राशि वालों से दोस्ती नहीं करनी चाहिए। मीन राशि के व्यक्ति से यदि आप दोस्ती करते है तो यह दोस्ती व्यवसायिक रूप से ज़्यादा अच्छी रहेगी। 

मिथुन 
मिथुन राशि के वालों के लिए धनु राशि वाले सच्चे मित्र बन सकते हैं। धनु राशि का कोई मित्र न मिले या फिर आप एक साथ कई मित्र बनाना चाहते हैं तो आप तुला और कुम्भ राशि के व्यक्तियों से भी मित्र सम्बन्ध रख सकते हैं। सिंह राशि, वृश्चिक, मकर राशि और वृषभ राशि के व्यक्तियों से दोस्ती होने पर, हो सकता है कि यह दोस्ती बहुत अच्छी न रहे। 

कर्क
आप बहुत भावुक स्वभाव के हैं। रिश्तों को हृदय से निभाने का प्रयास करते हैं। आपके लिए एक सच्चा मित्र मकर राशि का स्वामी हो सकता है। कर्क और मकर राशि के व्यक्तियों में आपसी समझ अच्छी होती है। तथा वृश्चिक राशि और मीन राशि वालों से भी आपकी मित्रता प्रगाढ़ बनी रहती है। वर्तमान में राहु आपकी राशि से तीसरे भाव में है, ऐसे में कन्या राशि से आपकी दोस्ती कुछ विरोधाभास लिए हुए हो सकती है। तथा धनु राशि, कुम्भ राशि और मिथुन राशि से गहरी दोस्ती रखना भी आपके लिए सही नहीं रहेगा। 

सिंह 
फ़्रेण्डशिप डे पर आप अपने लिए एक अच्छे मित्र को ढूंढ रहे हैं तो आपको विशेष रूप से कुम्भ राशि के व्यक्तियों से मित्रता करनी चाहिए। आप दोनों राशि के व्यक्तियों का साथ “सुख-दुःख के सच्चे साथी” की कहावत को चरितार्थ करता है। कुम्भ राशि के अलावा आप धनु और मेष राशि वालों में अपना सच्चा मित्र तलाश सकते हैं। तुला, मकर, मीन और कर्क राशि के व्यक्तियों से आपकी मित्रता बहुत लम्बी न चलने की सम्भावना बन रही है। 

कन्या 
आप दूसरों के प्रति स्नेह भाव रखते हैं। मित्रवर्ग में आप आकर्षण का केंद्र बने रहते हैं। आपकी राशि के लिए मीन राशि वाले अच्छे मित्र बन सकते हैं। आपकी राशि से पंचम और नवम भाव की राशि क्रमश: मकर और वृषभ राशि पड़ने के कारण आप इन राशि के जातकों से भी अच्छी मित्रता रख सकते हैं। आप वृश्चिक, कुम्भ, मेष और सिंह राशि के व्यक्तियों से दोस्ती करते समय सतर्कता बनाये रखें। 

तुला 
शुक्र की तुला राशि आपकी जन्म राशि है। आप के लिए मेष राशि के व्यक्ति बेहतर मित्र बन सकते हैं। मेष राशि वालों से आपकी दोस्ती मज़बूत और गहरी होती है। आप कुम्भ और मिथुन राशि वालों से भी दोस्ती रख सकते हैं। इन राशि के जातको को फ़्रेण्डशिप बैंड बांधेगें तो यह दोस्ती बहुत लम्बी चल सकती है। धनु, मीन, वृषभ और कन्या राशि से दोस्ती करने पर रिश्ते मधुर न रहने की सम्भावना बन रही है। 

वृश्चिक 
फ़्रेण्डशिप डे पर इस बार आप वृषभ राशि के किसी व्यक्ति को अपना मित्र बनाये। यह मित्रता आपको सुख और सहयोग दोनों दे सकती है। मीन राशि व कर्क राशि वालों से आप मित्रता करते है तो आपको समय पर साथ देने वाला मित्र मिल सकते हैं। आप लोगों की मकर, मेष, मिथुन और तुला राशि वालों से दोस्ती बहुत अच्छी नहीं रहती है। कन्या राशि वाले आपके अच्छे व्यवसायिक मित्र बन सकते हैं। 

धनु
मिथुन राशि वाले आपके अंतरंग मित्र बनने का योग रखते हैं। मेष और सिंह राशि के लोगों से भी आपकी अच्छी निभती है। ध्यान रखिये अगर आप मीन राशि के किसी व्यक्ति से दोस्ती करते हैं तो ऐसे मित्र सुख के समय तो आपके साथ होंगे परन्तु विपरीत समय में वो आपको अपने करीब नज़र नहीं आएंगे। कुम्भ राशि, वृषभ, कर्क और वृश्चिक से आपके मित्रता के सम्बन्ध बहुत मधुर नहीं रहते हैं। 

मकर 
फ़्रेण्डशिप डे पर यदि आप कर्क राशि के व्यक्ति से दोस्ती करते हैं तो आपकी दोस्ती अधिक घनिष्ठ और आत्मीयता लिए हुए हो सकती है। इस राशि के अतिरिक्त आप वृषभ और कन्या राशि वालों से भी मित्रता कर सकते हैं। मीन, मिथुन, सिंह और धनु राशि से आपके सम्बन्ध मित्रवत न रहने की संभावनाएँ बनती हैं। 

कुम्भ 
आप कुम्भ राशि के जातक हैं। आपके लिए सिंह राशि के व्यक्ति बहुत अच्छे दोस्त साबित हो सकते हैं। इस राशि से दोस्ती करने पर आपको समय पर सुख और सहयोग प्राप्त होता है। अन्य राशियाँ जिनसे आप मित्रता कर सकते हैं, वो राशियाँ हैं, मिथुन और तुला राशि। फ़्रेण्डशिप डे पर दोस्ती करते समय आप ध्यान रखें कि आप शीघ्रता में कर्क, कन्या, मेष और मकर राशि के व्यक्तियों से दोस्ती न कर लें। 

मीन 
आपकी राशि के लिए सच्चे मित्र कन्या राशि वाले होते हैं। कन्या राशि वालों से आपकी मित्रता होने पर, यह मित्रता लम्बे समय तक बनी रहती है। आप कर्क और वृश्चिक वालों को भी अपना मित्र बना सकते हैं। यदि आप वृषभ, सिंह, तुला और कुम्भ राशि के व्यक्तियों से दोस्ती करते हैं तो शीघ्र ही इस दोस्ती में अड़चने आने की संभावनाएँ बनती हैं। 

आप सभी इस फ़्रेण्डशिप डे पर जिन्हे भी अपना फ़्रेण्डशिप बैंड बांधे, एक बार अपनी राशि की शुभता से ज़रूर मिलान कर लें और सबसे बड़ी बात न केवल रिश्तों को शुरू करते समय विश्वास और प्रेम बनाये रखें, आगे भी अपनी दोस्ती को निस्वार्थ भाव से निभाते रहें। आप की दोस्ती सदियों तक याद की जाती रहे। इसी कामना के साथ आप सभी को मित्र दिवस की ढ़ेर सारी शुभकामनायें। 

रेखा कल्पदेव

आज का पर्व

आज का दिन क्या ख़ास लाया है आपके लिए, पंचांग, शुभ - अशुभ मुहूर्त और भी बहुत कुछ जानिए दिन की शुभता (०३.०८.२०१४) द्वारा।

 आज गोस्वामी तुलसीदास जयंती और शीतला सप्तमी है। आज का दिन फ़्रेण्डशिप डे के साथ साथ सिस्टर्स डे के रूप में भी मनाया जाता है।

Related Articles:

No comments:

Post a Comment